
बतौली। बतौली में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। देवरी रोड निवासी ज्वेलरी शाप के संचालक मुकेश सोनी के सूने घर पर चोरों ने धावा बोल लाखों की चोरी को अंजाम दिया है । घर और दुकान के सोने के जेवरात सहित करीब साढ़े चार लाख नकदी चोर पार कर दिए। कुल चोरी लगभग 25 लाख के आसपास बताई जा रही है। सूचना पर बतौली पुलिस टीम के साथ एसडीओपी सीतापुर और स्पेशल टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने जल्द चोरों को पकडऩे का दावा किया है। कुछ सप्ताह से बतौली क्षेत्र में चोरी की छिटपुट वारदात हो रही थी, लेकिन गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात चोरी की बड़ी घटना बतौली के देवरी रोड निवासी ज्वेलरी शाप संचालक मुकेश सोनी के घर पर हुई है । बताया गया कि मुकेश सोनी के सास की आंख का आपरेशन था जिस वजह से सभी अंबिकापुर गए हुए थे। वापस आने में देरी हुई और सभी अंबिकापुर रुक गए । शुक्रवार सुबह घर पहुंचने के बाद चोरी का पता चला। बताया जा रहा है कि बरपारा में जहां वारदात हुई है, वहां पिछले एक माह के भीतर दो-तीन घटना हो चुकी है। चोरों ने पहले बाहर का ताला कुंदा सहित उखाड़ लिया उसके बाद एक और कमरे का ताला तोड़ा जिसमें उन्हें कुछ नहीं मिला । इसके बाद वाले कमरे का ताला तोड़कर और अलमारी के लाकर को तोड़कर आभूषण नकदी निकाल लिए। मामले की सूचना पर थाना प्रभारी चंद्र प्रताप तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। स्पेशल टीम के साथ भूपेश सिंह ने घटना स्थल का जायजा लिया। चोरी के प्रकरणों के लिए काम कर रही एक विशेष टीम अभिषेक पांडे के नेतृत्व में पहुंची थी । जगह-जगह टीम को पतासाजी के लिए रवाना किया गया है । एसडीओपी सीतापुर राजेंद्र मंडावी मौके पर डटे रहे । पुलिस टीम ने प्रभावित परिवार को भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपित पकड़े जाएंगे। बतौली के बरपारा में जहां पर चोरी की घटना हुई वहां आसपास काफी घर हैं। बड़ा रिहायशी इलाका है। यहां पिछले दिनों अमरनाथ चौबे के घर से एक बकरे की चोरी की गई थी । इसके अलावा बगल में ही रामसेवक के घर भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया । बजरंग के घर भी चोरी की घटना हुई थी । लगातार बढ़ती चोरियों से मोहल्ले वासी परेशान थे, लेकिन गुरुवार और शुक्रवार के दरमियानी रात यहां लाखों की चोरी हो गई। मोहल्लेवासी इस बात को लेकर सकते में है।





















