
अंबिकापुर। मैनपाट के जलजली के नजदीक झरने के पास महिला फिसल कर खाई में गिर गई। घायल महिला अदिति गुप्ता (21) ,पति राहुल गुप्ता व बच्चे के साथ मैनपाट घूमने आई थी। मूलत: इंदौर के लहसुडिय़ा थाना अंतर्पागत निपानिया की रहने वाली अदिति के पति ने रायपुर से वाहन किराए पर लिया था। मंगलवार को मैनपाट के कई स्थलों का भ्रमण कर वे जलजली पहुंचे थे। यहां स्पोर्टस बाइक राइडिंग करते हुए तीनों कच्ची सड़क से झरने के नजदीक पहुंच गए। हल्की बारिश के कारण कच्ची सड़क कीचड़ में बदल गई है। झरने के पास खूबसूरत दृश्य को देखकर महिला व परिवार के सदस्य सेल्फी ले रहे थे। अचानक महिला का पैर फिसल गया। वह रगड़ खाते हुए लगभग 10 से 15 फीट गहरी खाई में गिर गई। कठिन भौगोलिक परिस्थिति वाला क्षेत्र होने के कारण महिला को तत्काल बाहर निकालना संभव नहीं था। घटना के समय आसपास कोई नहीं था। पति ने तत्काल मौके पर पहुंच कर मदद की गुहार लगानी शुरू कर दी। आवाज सुनकर थोड़ी देर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मैनपाट थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। जिस स्थल पर महिला गिरी हुई थी। वहां तक पहुंचने के लिए घूम कर जाया जा सकता है। किसी तरह लोग वहां पर पहुंचे। कठिन स्थल होने के कारण महिला को बाहर निकलने में आधे घंटे से अधिक का समय लगा।तत्काल महिला को कमलेश्वरपुर अस्पताल ले जाया गया। मैनपाट पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला का एक पैर टूट जाने की जानकारी दी है। साथ ही कंधे के पास भी चोट है। महिला को हायर सेंटर रिफर किया गया है। घायल महिला के परिचित भी सूचना मिलने पर मैनपाट पहुंच गए थे। उनके रिश्तेदार अंबिकापुर और बैकुंठपुर में भी रहते हैं। इन दोनों मैनपाट में सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। खुशनुमा मौसम होने के कारण बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ के अलावा पड़ोसी प्रति से भी सैलानी पहुंचने लगे हैं। मंगलवार को पूरे दिन रिमझिम फुहार के बीच यहां के हर पर्यटन स्थल पर सैलानियों की भीड़ देखी गई। पुलिस ने बताया कि महिला पति और बच्चे के साथ पहले रायपुर आई थी। वहां से किराए का वाहन लेकर मैनपाट पहुंचे थे। यहां से उन्हें सरगुजा और कोरिया जिले में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के यहां भी जाना था। मैनपाट के कई पर्यटन स्थल असुरक्षित हैं। छत्तीसगढ़ का प्रमुख पर्यटन स्थल होने के कारण सैलानियों की उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा उपाय को नजर अंदाज किया गया है। इन दिनों बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं इसलिए सुरक्षा संबंधी बोर्ड भी कई स्थानों पर लगाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। मैनपाट के पर्यटन स्थलों पर पूर्व के वर्षों में भी हादसे होते रहे हैं। टाइगर प्वाइंट से गिरने के कारण भी लोगों की मौत हो चुकी है।