
इराक, १6 जनवरी । ईरान ने कल देर रात उत्तरी इराक और सीरिया में कई ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरान ने कहा कि उसने अर्बिल में जासूसों के मुख्यालय और ईरानी विरोधी आतंकवादी समूहों के ठिकानों को निशाना बनाया है। कुर्दिस्तान सरकार की सुरक्षा परिषद ने एक बयान में कहा कि ईरान के हमलों में चार नागरिक मारे गए और छह लोग घायल हो गए हैं। ये मिसाइलें अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास गिरी थी। एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने कहा कि इन हमलों में कोई भी अमेरिकी सुविधा प्रभावित नहीं हुई। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने एक बयान में कहा कि उसने सीरिया में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर कई बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। इस हमले में कई ठिकानें पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। एक अन्य बयान में दावा किया गया कि उन्होंने इराक के कुर्द क्षेत्र में स्थित इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद के मुख्यालय पर भी हमला किया है। एक इराकी अधिकारी ने बताया कि अर्बिल में कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई है। ईरान समर्थित इराकी मिलिशिया के एक अधिकारी ने कहा कि 10 मिसाइलें अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास के इलाके में गिरी हैं। उन्होंने कहा कि ये मिसाइलें ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स द्वारा लॉन्च की गई थी।





















