
डभरा । ग्राम कोटमी को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा तीन माह पूर्व उप तहसील का दर्जा दिया गया है परंतु अभी तक यहां कार्यालय शुरू नहीं हो सका है। जिसके कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। कार्यालय भवन का रंग रोगन कर कर भवन में उप तहसील लिख दिया गया है। लेकिन उद्घाटन नहीं किया गया है जो समझ से परे है ।उप तहसील कोटमी में आसपास के 21 ग्रामों को शामिल किया गया है। उपतहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार एवं कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं होने से जाति प्रमाण पत्र आमदनी निवास एवं राजस्व संबंधी कार्यों के लिए ग्रामीणों को डभरा मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। चंद्रपुर विधानसभा के सबसे बड़े ग्राम पंचायत कोटमी को उप तहसील का दर्जा तो दे दिया गया है लेकिन धरातल में कुछ नहीं हो रहा है। विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में देखना है कि उप तहसील कार्यालय का उद्घाटन कब तक हो पाएगा एवंग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। इस संबंध में भाजपा मंडल कोटमी के उपाध्यक्ष मनीष चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्राम कोटमी को उप तहसील का दर्जा दिया हुआ है परंतु अभी तक उप तहसील कार्यालय का उद्घाटन नहीं हुआ है नहीं किसी कर्मचारी एवं अधिकारी पदस्थ किए गए हैं जिस कारण इस उप तहसील में आने वाले ग्रामों की ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है उन्होंने जल्दी ही जिला प्रशासन से उप तहसील को शुरू करने की मांग की है।
















