
कोरबा/कटघोरा. अम्बिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे संख्या 130 में बृहस्पतिवार की सुबह हुई दुर्घटना से सडक़ फिर लाल हो गई। चन्दनपुर के जय बूढ़ादेव कॉलेज के पास एक बाइक को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई तथा बाइक में सवार दो महिलाओं को गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया जहां एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई वही एक महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है जिसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि आज सुबह लगभग 10 बजे कटघोरा से अम्बिकापुर मार्ग पर चंदनपुर के पास ग्राम मल्दा निवासी सलीम अहमद हसन उर्फ गुड्डन उम्र लगभग 35 वर्ष अपनी पत्नी गुलशन, गनेशी बाई के साथ बाइक में आमाखोखरा से कटघोरा की ओर आ रहे थे उसी दौरान एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने जय बूढ़ादेव कॉलेज के पास बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना से अलीम अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर कटघोरा पुलिस व डायल 112 मौके पर पहुंची व घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां गनेशी बाई का उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरी घायल महिला गुलशन जोकि मृतक सलीम अहमद की पत्नी बताई जा रही है, उसे गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज से संबद्ध कोरबा के जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। कटघोरा पुलिस ने दुर्घटना कारित ट्रक को अपनी हिरासत में ले लिया है। फिलहाल कटघोरा पुलिस शव का पंचनामा कार्यवाही कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले कि जांच कर रही है।
जागरूकता पर काम जारी
सडक़ सुरक्षा और जागरूकता को लेकर लगातार काम करने के बाद भी सडक़ पर होने वाली दुर्घटनाओं की संख्या में बहुत ज्यादा कमी नहीं आ सकी है। खासतौर पर कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर इस तरह की घटनाएं कुछ ज्यादा ही हो रही है। इनमें मृत्यु का ग्राफ बढ़ा है। वहीं घायल होने वालों की संख्या कमोबेश ऐसी ही है। जानकार बताते हैं कि अच्छी सडक़ पर रफ्तार का क्रेज एवं हर हाल में अपने आपको आगे रहने के चक्कर में ऐसे मामले पेश आ रहे हैं।





















