एप इस्तेमाल के लिए मोबाइल नंबर दर्ज करने की अनिवार्यता हटाएगी मेट्रो, यात्रियों की शिकायत के बाद लिया संज्ञान

नईदिल्ली, २४ नवंबर । विभिन्न मोबाइल एप के बढ़ते इस्तेमाल के बीच व्यक्तिगत डाटा सुरक्षित रख पाना लोगों के लिए बड़ी चुनौती है। न चाहते हुए भी लोगों को कई जरूरी एप के इस्तेमाल के लिए मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी जैसी जानकारियां साझा करनी पड़ती है। कुछ यात्रियों द्वारा ट्वीट कर की गई शिकायत के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने कहा है कि वह दिल्ली मेट्रो के इस्तेमाल के लिए मोबाइल नंबर पंजीकृत करने की अनिवार्यता हटाएगा। इसलिए एप को अपडेट किया जाएगा। लेकिन इस कार्य में वक्त लगेगा।उल्लेखनीय है कि हाल ही में डीएमआरसी ने मोमेंटम 2.0 एप जारी किया था। इसके माध्यम से मेट्रो से जुड़ी तमाम जानकारियों के अलावा मोबाइल से किराया भुगतान के लिए क्यूआर कोड आधारित टिकट खरीदने व स्मार्ट कार्ड रिचार्ज कराने की भी सुविधा है। इसके अलावा इस एप के माध्यम से वर्चुअल स्टोर से ऑनलाइन खरीदारी की भी सुविधा है। इस एप के इस्तेमाल के लिए यात्रियों को अपना मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी पंजीकृत करना पड़ता है। इस बाबत कुछ यात्रियों ने ट्वीट कर डीएमआरसी से शिकायत की है कि आखिर क्यों लोगों को मोबाइल नंबर के साथ एप पर लॉगिन करने को मजबूर किया जा रहा है। मोबाइल नंबर के बगैर इसे लागिन क्यों नहीं किया जा सकता है। इस शिकायत पर डीएमआरसी ने ट्वीट कर खेद व्यक्ति करते हुए अपनी गलती मानी है। डीएमआरसी का कहना है कि मोमेंटम 2.0 एप को दोबारा अपडेट किया जाएगा। तब मोबाइल से लागिन करने का प्रविधान हटा लिया जाएगा। तब यात्रियों को इस एप पर मोबाइल नंबर पंजीकृत किए बगैर मेट्रो से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं मिल सकेगी। मेट्रो में किराया भगुतान के लिए क्यूआर कोड आधारित टिकट भी लिया जा सकेगा। लेकिन आनलाईन खरीदारी और डिजिटल लाकर जैसी सुविधाओं के लिए वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) की जरूरत होती है। इसलिए दिल्ली मेट्रो के एप से कुछ सुविधाएं लेने के लिए यात्रियों को मोबाइल नंबर पंजीकृत करना आवश्यक है।

RO No. 13467/11