एमबीए छात्रा के अपहरण का मामला: लड़की की बरामदगी के लिए लखीसराय और बेगूसराय में CID कर रही छापेमारी, आरोपितों से मिले सुराग

मुजफ्फरपुर, ०९ दिसम्बर । सदर थाना के एक मोहल्ला की अपहृत एमबीए की छात्रा की बरामदगी को लेकर सीआईडी की टीम लखीसराय व बेगूसराय में छापेमारी कर रही है।इस मामले के आरोपितों सोनू कुमार,अर्चना कुमारी, व ज्योति कुमारी से पूछताछ एवं मोबाइलों की जांच के बाद मिले सुराग के आधार पर यह छापेमारी की जा रही है। हालांकि, अभी तक छात्रा की बरामदगी की सूचना नहीं है। हाईकोर्ट ने सोनू कुमार सहित तीनों आरोपितों की मोबाइल की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) जांच करने का आदेश दिया था। ईओयू विशेष सॉफ्टवेयर से इसकी जांच कर रही है। इसके लिए सीआईडी के पुलिस उपाधीक्षक व मामले के विवेचक रामदुलार प्रसाद की अर्जी पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पंकज कुमार लाल के कोर्ट ने अनुमति दी थी। हाईकोर्ट ने ईओयू को इंटरनेट मीडिया पर छात्रा का अकाउंट खंगालने करने का आदेश दिया था। एमबीए की छात्रा के अपहरण के आरोपित सदर थाना के मादापुर चौबे निवासी अर्चना कुमारी के फेसबुक प्रोफाइल को भी ईओयू खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि अर्चना ने एमबीए की छात्रा की फेक प्रोफाइल बनाकर फेसबुक अकाउंट खोला था, उससे सोनू व अन्य के साथ चैटिंग भी की थी।सीआईडी ने छात्रा की तस्वीर, उसकी लिखी डायरी, ई-मेल विवरणी व 12 दिसंबर 2022 को भगवानपुर के निकट की सीसी कैमरे की फुटेज पेन ड्राइव की जांच कर रही है।सीसीटीवी कैमरे की फुटेज व छात्रा की तस्वीर को कोर्ट की अनुमति से चंडीगढ़ के विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा है। इस फुटेज में एमबीए की छात्रा को भगवानपुर चौक की ओर जाते हुए देखा गया है।

RO No. 13467/11