एसटीएफ ने सिरसा से 50 हजार के इनामी शराब तस्कर को किया गिरफ्तार, गांजा सप्लाई के लिए लेता था इतनी रकम

लखनऊ। एसटीएफ ने हरियाणा के सिरसा से अंतरराज्जीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हरियाणा के झज्जर जिला निवासी मनीष पुत्र जगवीर के रूप में हुई है। आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत बांदा के थाना बबेरू में मुकदमा दर्ज है। उसके ऊपर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। उसके पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड व 230 रुपये बरामद हुए हैं। एसटीएफ की टीम ने मनीष को रविवार को सिरसा के स्वास्तिक धर्मकांटा निकट स्थित आइरिस होटल के सामने से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद मनीष ने बताया कि वह रिन्कू राठी और राकेश प्रमुख के साथ मिलकर पांच वर्षों से गांजा तस्करी कर रहा था। उप्र के बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, मेरठ, गाजियाबाद के अतिरिक्त दिल्ली व हरियाणा में भी गांजे की तस्करी करते हैं। मनीष ने बताया कि मादक पदार्थ की खेप ले जाने वाले व्यक्तियों को प्रति चक्कर एक लाख रुपये दिया जाता है।16 जुलाई 2023 को बरहमपुर ओडिशा से प्लास्टिक स्क्रैप व खाली गत्तों में गांजा छिपाकर यशपाल सिंह व बिल्लू उर्फ बीर सिंह के जरिए बांदा पहुंचने को कहा था। बांदा पहुंचने पर दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।दोनों ने पूछताछ में मनीष का नाम एसटीएफ को बताया था। उसके बाद से मनीष की तलाश की जा रही थी। एसटीएफ ने रविवार को उसे गिरफ्तार कर सिरसा की अदालत में पेश किया है। साथ ही उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने की कोशिश की जा रही है।

RO No. 13467/11