ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाला: पुलिस ने अभिनेत्री के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया

गुवाहाटी, १० सितम्बर ।
असम पुलिस ने असमिया अभिनेत्री-कोरियोग्राफर सुमी बोरा और उनके पति तारिक बोरा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। यह करोड़ों रुपये के ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले में गिरफ्तारी से बच रहे हैं। इससे पहले पुलिस को आशंका थी कि सुमी बोरा और उनके पति मेघालय जाकर छिप गए होंगे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घोटाले के सरगना बिशाल फुकन की गिरफ्तारी के तुरंत बाद यह दोनों नेपाल भाग गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी को बताया, हम आरोपी सुमी बोरा और उसके पति को पकडऩे के लिए व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं। हमारी टीम अलग-अलग जगहों पर फैली हुई है।
हमें पूरा भरोसा है कि उन्हें बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी आश्वासन दिया है कि बोरा किसी भी समय पुलिस के घेरे में आ जाएंगी। कुछ गिरफ्तारियां अपराध के तुरंत बाद होती हैं। लेकिन कुछ गिरफ्तारियों के लिए लंबे समय की जरूरत होती है और यह स्थिति पर निर्भर करता है। हालांकि, मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि कोई भी बहुत लंबे समय तक पुलिस की गिरफ्तारी से बच नहीं सकता।
पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बता दें कि बिशाल फुकन की गिरफ्तारी के बाद सुमी बोरा तुरंत पुलिस की नजर में आ गईं। पुलिस गुवाहाटी के पठार क्वारी इलाके में उनके अपार्टमेंट में गई; हालांकि, अभिनेत्री और उनके पति घर पर नहीं थे। पुलिस ने सोसायटी परिसर के हर अपार्टमेंट की तलाशी ली, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।

RO No. 13467/10