औचक निरीक्षण के लिए देर शाम जहानाबाद पहुंच गए के के पाठक, शिक्षकों को दरी पर देख पदाधिकारियों पर भड़के

हुलासगंज, 0३ नवंबर । शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाए जाने के बाद से के के पाठक एक्शन में हैं। वह कभी भी कहीं भी औचक निरीक्षण के लिए पहुंच जाते हैं। के के पाठक की इस सक्रियता से बिहार के शिक्षक खौफ में हैं। के के पाठक गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे औचक निरीक्षण के लिए जहानाबाद के हुलासगंज पहुंच गए। उन्होंने जहानाबाद जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डीईओ रौशन आरा को प्रस्तावित डायट कॉलेज को एनसीटीई से मंजूरी दिलाने के लिए व्यवस्था सुधार और जरूरी कागजी प्रक्रिया को पूरा करने का निर्देश दिया। के के पाठक ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रशिक्षुओं की संख्या को बढ़ाने और कॉलेज के खाली कमरों का इस्तेमाल आवासन के लिए करने का भी निर्देश दिया। औचक निरीक्षण के दौरान के के पाठक ने शिक्षकों को दरी पर बैठाकर ट्रेनिंग देने और लैब में कम कंप्यूटर होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने डीएम रिची पांडे को निर्देश दिया कि यथाशीघ्र यहां पर 50 से अधिक कंप्यूटर लगाए जाएं और फर्नीचर की भी व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों द्वारा डायट कॉलेज में चारदिवारी निर्माण और प्लास्टिक की थैली और गंदगी फैलाने की शिकायत पर केके पाठक ने मेस संचालक पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिया कि शीघ्र ही चारदिवारी बन जाएगी।उन्होंने डायट गया कॉलेज के प्रिंसिपल की जगह जिला शिक्षा पदाधिकारी को यहां की व्यवस्था संचालन का अधिकार सौंपने का निर्देश डीएम को दिया। ट्रेनिंग कॉलेज के छात्रों ने बताया कि शिक्षक नियमित नहीं आते हैं। शिक्षक गया से प्रतिनियुक्ति पर है।इस पर अपर मुख्य सचिव ने बताया कि शीघ्र ही ट्रेनिंग कॉलेज ढोगरा में शिक्षकों का पदस्थापन किया जाएगा। उन्होंने डीईओ को दो दिन के अंदर डायट कॉलेज की व्यवस्था में सुधार के लिए उठाए गए कदम के बारे में जानकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देने का निर्देश दिया।

RO No. 13467/11