कथनी-करनी में अंतर से कम हुआ है राजनेताओं पर भरोसा, आगरा में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

आगरा, 0८ जनवरी ।
राजनीति में रहकर लोगों को गुमराह ठीक नहीं। कथनी-करनी के अंतर से ही देश में राजनेताओं पर भरोसा कम हुआ है। वर्तमान सरकार ऐसा नहीं करती। इस कारण बेहतर नेतृत्व में देश खूब तरक्की कर रहा है। परिणाम ढाई से तीन महीने में दिखाई देगा और देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगरा में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के 57वें प्रांतीय सम्मेलन के मंच से बिना नाम लिए विरोधियों पर तई तीर छोड़े। साथ ही शिक्षकों को अधिकारों के साथ कर्तव्य और जिम्मेदारियों का पाठ पढ़ाते हुए राष्ट्र निर्माण के लिए समर्थ युवा पीढ़ी को तैयार करने की अपील भी की।मोती लाल नेहरू रोड स्थित मुफीद-ए-आम इंटर कॉलेज में हुए समारोह के उद्घाटन सत्र में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में पंचम वेतन आयोग लागू करने के अपने कार्य को याद दिलाते हुए कहा कि हमारी कथनी और करनी में अंतर नहीं होता। मगर, राजनीति के क्षेत्र में रहकर कुछ राजनेता लोगों को गुमराह करते हैं। उनकी कथनी-करनी में अंतर से देश के नेताओं से जनता का भरोसा कम हुआ है। रक्षा मंत्री ने कहा कि विरोधी तमाम प्रश्न उठाते हैं, लेकिन हम काम में विश्वास करते हैं। जब से सत्ता में आए हैं, देश तरक्की कर रहा है और विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की सूची में देश 11वें स्थान से पांचवें पर आया, अब ढाई महीने में देश विश्व की पांचवीं से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। पहले विदेशों में देश और यहां के लोगों को पिछड़ा समझते थे, लेकिन अब ग्लोबल स्तर पर सोच बदली है। पिछले दिनों अमेरिका के विदेशमंत्री द्वारा दिया बयान कि भविष्य की सोच, काम और अहसास देखना है, तो भारत आओ इसी ओर निशाना करता है। मुख्यमंत्री रहते शिक्षक हित में किए कार्यों को शिक्षकों ने सराहा, तो उन्होंने कहा कि मेरे लिए आवश्यकता से अधिक शाब्दिक अलंकरण का प्रयोग न करें। हमें समझना होगा कि अलंकरण शब्दों से अधिक कृतियों में अलंकृत होना चाहिए। मैं शिक्षक हूं और मेरी कथनी-करनी में कोई अंतर नहीं था, इसलिए मैं आश्वासन देकर आपके हित में काम कर पाया।

RO No. 13467/11