कलेक्टर के निर्देश पर जिला सीईओ ने जिला अस्पताल में किया औचक निरीक्षण

कोरिया बैकुंठपुर। कलेक्टर कोरिया विनय कुमार लँगेह के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने शाम को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर एस सेंगर भी उपस्थित रहे। जिला अस्पताल में कुप्रबंधन को लेकर लगातार मिल रही शिकायत के मद्देनजर आज शाम जिला पंचायत सीईओ ने जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने सिविल सर्जन की अनुपस्थिति को गम्भीरता से लेते हुए ड्यूटी पर उपस्थित चिकित्सकों के दूरभाष नम्बर सार्वजनिक रूप से लिखे जाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से सीधे बातचीत कर भोजन साफ सफाई और चिकित्सकों के व्यवहार के बारे मे जानकारी ली। भोजन के लिए निर्धारित मेनू के बारे मे मरीजों से सीधे पूछताछ करने पर उन्होंने पाया कि प्रभारी द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इसके बाद उन्होंने भोजन कक्ष का निरीक्षण किया और वँहा पर्याप्त साफ सफाई न पाए जाते पर भोजन प्रभारी को तत्काल शो काज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने अस्पताल परिसर में सभी वार्डों का निरीक्षण करने के बाद साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जन औषधि केन्द्र का निरीक्षण किया और उपस्थित विक्रेता को समझाइश दी कि चिकित्सक के पर्चे के बगैर कोई भी दर्द निवारक दवाएं न बेचें। उन्होंने सिटी स्केन सेंटर में जाकर रजिस्टर सहित अन्य जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान रेजिडेंट चिकित्सा अधिकारी डॉ अनीश, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ भास्कर दत्त मिश्रा सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

RO No. 13467/11