
श्रीनगर। कश्मीर में अपने एजेंडे में विफलता से हताश आतंकी और अलगाववादी संगठनों ने स्थानीय युवाओं को कट्टर हिंसक बनाने के लिए उनके हाथों में उन्माद फैलाने वाली किताबें देना शुरू कर दिया है। इन्हें ओवरग्राउंड नेटवर्क के जरिए बांटा जा रहा है। इसमें कई दुकानदार भी शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को इस षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए श्रीनगर शहर में कई ठिकानों पर छापा मारकर 668 किताबों को जब्त किया है। इन किताबों की पाठ्य सामग्री कट्टर धर्मांध जिहादी मानसिकता को बढ़ावा देती है। इससे सुरक्षा एजेंसियां भी सकते में हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बरामद पुस्तकें अत्यंत भड़काऊ हैं। इन्हें कश्मीरी युवाओं को विशेषकर किशोरों को गुमराह करने के लिए ही छपवाया गया है। इसे कश्मीर में बांटा जा रहा है। इन किताबों में कश्मीर और भारत के संदर्भ में कई ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर का पेश किया गया है।



























