कांग्रेस खेमे में बृहस्पत का कड़ा विरोध

बलरामपुर। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह के द्वारा कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा व पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव पर लगाए गए गंभीर आरोप के बाद सरगुजा संभाग के कांग्रेसजन उन पर हमलावर हो गए हैं। बलरामपुर के साथ सरगुजा जिले के भी कांग्रेसियों ने बृहस्पति को तत्काल पार्टी से हटाए जाने की मांग की है। उधर इस मामले में प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर कारण बताओं नोटिस जारी किया है और तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। रामानुजगंज सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व अंबिकापुर महापौर डा अजय तिर्की ने बृहस्पत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप लगाया है। बृहस्पत के आरोपों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए डा तिर्की ने कहा कि रामानुजगंज सीट पर कांग्रेस की हार के लिए पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह जिम्मेदार हैं। उन्होंने कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि विपक्षी प्रत्याशी के लिए काम किया। कांग्रेसजनों को डराने धमकाने का काम किया।मेरे समक्ष भी कांग्रेस के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ता को डराने का कार्य पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह ने किया है। सर्किट हाउस में कांग्रेस के रामानुजगंज विधानसभा प्रत्याशी रहे डा अजय तिर्की ने पत्रकारों से चर्चा की।उन्होंने रामानुजगंज विधानसभा के लोगों के द्वारा 70 हजार मत देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह के द्वारा छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व मुख्यमंत्री के विरुद्ध दिए बयान की जमकर निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को पार्टी में नहीं रहना चाहिए। डा अजय तिर्की ने कहा कि बृहस्पत सिंह चुनाव से पहले एवं चुनाव के बाद भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलग्न रहे। पार्टी ने उन्हें सब कुछ दिया पर टिकट नहीं मिलने के बाद जिस प्रकार उनका क्रियाकलाप था उससे पार्टी को नुकसान पहुंचा। उनके द्वारा छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा एवं टीएस सिंहदेव को लेकर जो वक्तव्य जारी किया गया वह घोर निंदनीय है।उन्हें इस प्रकार की अमर्यादित एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग करना नहीं चाहिए था। इसकी जितनी कठोर शब्दों में निंदा की जाए वह कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके द्वारा कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करने वाले लोगों को डराया धमकाया गया। यहां तक की मेरे साथ प्रचार कर रहे एक कार्यकर्ता को मेरे सामने ही उनके द्वारा डरवाया जा रहा था। पत्रकारवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष राजू सिंह,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिपूजित सिंह, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष गोविंद राम, सेवादल के प्रेमसागर, मुन्ना गुप्ता, नन्हेंलाल गुप्ता उपस्थित रहे। अंबिकापुर, रामानुजगंज के पूर्व विधायक वृहस्पत सिंह के द्वारा अमर्यादित बयानबाजी को लेकर आक्रोशित नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र प्रेषित कर उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखलाने की मांग की है। चुनाव पूर्व से ही वृहस्पत सिंह लगातार पार्टी फोरम के बाहर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर प्रेस एवं मीडिया के सामने आधारहीन और अपमानजनक शब्दावली में आरोप लगाते रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जो कि एक महिला हैं के विरुद्ध उनके द्वारा जिस प्रकार से अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए आरोप लगाया गया है उससे पार्टी के अंदर काफी आक्रोश व्याप्त हैं। वृहस्पत सिंह के बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन मलकीत सिंह गैदू ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिसका जवाब तीन दिन के अंदर देना है किंतु पार्टी के कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता इससे संतुष्ट नहीं है। उन्होंने पूर्व विधायक वृहस्पत सिंह के पार्टी से तत्काल निलंबन की मांग की है। पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्र एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लीकार्जुन खडगे को प्रेषित पत्र में यह मांग की है कि वृहस्पत सिंह को पार्टी से तत्काल निलंबित किया जाए। वे मानसिक संतुलन खोकर लगातार अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर बयान दे रहे हैं। वे आदतन अमर्यादित बयान देते हैं और पार्टी की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं। उनके इस प्रकार के बयानबाजी के कारण कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है। ऐसे में तत्काल उन्हें निलंबित कर पार्टी के बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।

RO No. 13467/10