
रांची, १० दिसम्बर । कांग्रेस ने झारखंड में अपने राज्यसभा सांसद धीरज साहू से जुड़ी शराब कंपनी के ठिकानों से भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी के बाद उनसे किनारा कर लिया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सांसद धीरज साहू के कारोबार से कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। नकदी के बारे में केवल साहू ही बता सकते हैं। उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि कैसे आयकर अधिकारी उनके ठिकानों से इतनी बड़ी संख्या में नकदी बरामद कर रहे हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज साहू के ठिकानों पर इनकम टैक्स की छापेमारी जारी है। यहां नोटों का अंबार मिला है, जिसे गिनना चुनौती बन गया है। ताजा खबर यह है कि यहां मिले बेनामी कैश का आंकड़ा 500 करोड़ तक जा सकता है। नोट गिनने के लिए और मशीनें बुलवाई गई हैं। 100 कर्मचारी डबल शिफ्ट में नोट गिन रहे हैं। धीरज साहू के झारखंड और ओडिशा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। भाजपा ने इसे देश के इतिहास की सबसे बड़ी आयकर छापेमारी बताया है। कांग्रेस सांसद से जुड़ी कंपनी के परिसर से भारी मात्रा में नकदी बरामदगी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लोगों को आश्वासन दिया कि जनता से लूटा गया एक-एक पैसा वापस आएगा। प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के भाषणों को सुनें…जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है। भाजपा ने शनिवार को आरोप लगाया कि आयकर विभाग की छापेमारी में कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़े कुछ परिसरों से नकदी की जब्ती से पता चलता है कि कैसे देश की सबसे पुरानी पार्टी ने पीढ़ी दर पीढ़ी भ्रष्टाचार की परंपरा को जीवित रखा है। आयकर विभाग दावा है कि किसी एक समूह के खिलाफ कार्रवाई में किसी एजेंसी की ओर से जब्त यह सबसे अधिक नकदी है। बोलनगीर के कंपनी परिसर में करीब 10 अलमारियों से 230 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए, जबकि बाकी रकम तीतलगढ़, संबलपुर और रांची के परिसरों से जब्त की गई। नकदी पैक करने के लिए करीब 200 छोटे-बड़े बैग का इस्तेमाल किया गया।




























