
चंडीगढ़। भजनलाल परिवार के बाद एक और पूर्व मुख्यमंत्री का परिवार भाजपा में शामिल होने जा रहा है। हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता रह चुकी तोशाम की विधायक किरण चौधरी और उनकी पूर्व सांसद बेटी श्रुति चौधरी ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है। दोनों कांग्रेस नेत्रियों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे अपने इस्तीफों में हरियाणा में कांग्रेस को एक आदमी की पार्टी बताया है। उनका इशारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की तरफ था। किरण चौधरी और श्रुति चौधरी दोनों बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने अपने समर्थकों को बुधवार को सुबह करीब नौ बजे दिल्ली पहुंचने का संदेश दिया है। किरण चौधरी ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मंगलवार शाम को बातचीत फाइनल होने के बाद कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया। श्रुति चौधरी हरियाणा कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। किरण चौधरी तोशाम से विधायक हैं, जिनके भाजपा में शामिल होते ही कांग्रेस का एक विधायक कम हो जाएगा। किरण हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल की पुत्रवधू हैं और उनकी बेटी श्रुति चौधरी भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र ¨सह हुड्डा पर आरोप है कि उन्होंने इस बार श्रुति चौधरी का टिकट कटवाकर राव दान ¨सह को दिलवा दिया, लेकिन भिवानी-महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह भी चुनाव नहीं जीत सके। इसी से नाराज होकर किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने जा रही हैं। कांग्रेस नेत्री किरण के भाजपा में शामिल होने के बाद यह पहला मौका होगा, जब देवीलाल, भजनलाल और बंसीलाल परिवार की राजनीतिक पीढि़यां भाजपा में एक साथ दिखाई देंगी। भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई, रेणुका बिश्नोई और भव्य बिश्नोई भाजपा में हैं, जबकि देवीलाल के बेटे रणजीत चौटाला भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। किरण चौधरी के आने के बाद स्व. बंसीलाल की राजनीतिक उत्तराधिकारी भी भाजपा में गिनी जाएंगी। किरण चौधरी के समर्थकों का आरोप है कि कांग्रेस में रहते हुए हुड्डा किसी दूसरे नेता को उभरने नहीं देना चाहते। इसलिए अब उनके पास कांग्रेस छोड़ने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा है।






























