
रतलाम,२९ जुलाई।
प्रसिद्ध व प्राचीन मां कालिका माता के मंदिर में दर्शन, पूजा के लिए आने वालों को अब भारतीय परिधान व मर्यादित कपड़े पहनकर आने पर ही प्रवेश मिलेगा। पाश्चात्य संस्कृति के कपड़े, स्कर्ट, बरमुडा, चड्डा आदि पहनकर आने पर मंदिर में पूजा नहीं की जा सकेगी। मंदिर प्रशासन ने इस संबंध में सूचना का बोर्ड भी बाहर लगवा दिया है। मालूम हो कि कालिका माता को शहर की आराध्य देवी जाता है। इसके चलते कालिका माता मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र है और यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रृदालु दर्शन, पूजन के लिए आते हैं। अब मंदिर प्रशासन ने पहली बार इस तरह के फैसले को लागू किया है। फैसले के अनुसार अमर्यादित कपड़े पहनकर आने वालों को मंदिर के बाहर ही रोक दिया जाएगा। नोटिस बोर्ड में भी मर्यादा का ध्यान रखने का उल्लेख किया गया है। मंदिर के पुजारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि कई बार कुछ लोग अमर्यादित कपड़े पहनकर मंदिर में आ जाते हैं। पूजा-अर्चना में सात्विकता का महत्व है। इसका ध्यान रखे जाने के लिए परिधान को लेकर नोटिस लगाया गया है। पुजारी ने कहा कि इस तरह के प्रतिबंध को लेकर पूर्व में भी कई बार प्रयास किए गए थे। नवरात्र में भी इसे लागू किया गया था। श्रृद्धालु भी इससे सहमत हैं। मंदिर में प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले वैभव शर्मा ने इसे सही कदम बताते हुए कहा कि मंदिर में पूजा के मान से ही कपड़े पहनकर आना ठीक होता है। आचरण पवित्र रखने के लिए परिधान का मर्यादित होना जरूरी है।




















