
छत्रपति संभाजीनगर, १३ फरवरी । किसान संगठनों के दिल्ली चलो विरोध मार्च के आह्वान के बीच शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार से किसानों का फसल ऋण माफ करने की अपील की। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के रास्ते में कांटे और कीलें बिछाने और उनके खिलाफ पुलिस कर्मियों को तैनात करने के लिए सरकार की आलोचना की।उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में किसानों को फोन कर पूछा जा रहा है कि क्या वे आगामी चुनाव में भाजपा को वोट देंगे। वह मराठवाड़ा क्षेत्र के दौरे पर हैं। एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था, तब मैंने महाराष्ट्र में किसानों के लिए दो लाख रुपये तक की कर्ज माफी की घोषणा की थी। इसे लागू भी किया था। यदि मैं महाराष्ट्र में किसानों का कर्ज माफ कर सकता हूं तो पिछले दस साल से केंद्र में सत्ता में रही भाजपा सरकार ऐसा क्यों नहीं कर सकती। सरकार को ऋण माफ कर चुनाव का सामना करना चाहिए। उद्धव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने खेती की लागत से 50 प्रतिशत अधिक कीमत देने के अपने वादे पर काम नहीं किया। भाजपा कहती है कि उसने गरीबी को समाप्त कर दिया है, लेकिन साथ ही वह यह भी कहती है कि वह 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन दे रही है। मोदी की गारंटी भ्रष्ट नेताओं को भाजपा में शामिल होने के बाद विधायक और सांसद बनाना है। प्रदेश के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस बयान की आलोचना की, जिसमें भाजपा नेता ने कहा था कि कुत्ते वाहनों के नीचे आ जाते हैं। फडणवीस ने राज्य की खराब होती कानून-व्यवस्था के आलोक में विपक्ष के दावे पर निशाना साधते हुए यह टिप्पणी की थी।ठाकरे ने कहा कि यदि फडणवीस यह सोचते हैं कि लोग कुत्ते और बिल्ली हैं, तो भाजपा को कुत्ते और बिल्लियों से ही वोट मांगना चाहिये। लेकिन, कोई कुत्ता उनके पक्ष में मतदान नहीं करेगा क्योंकि वह एक वफादार प्राणी है।





















