
शिमला,२८ दिसम्बर । केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की 14 लघु सिंचाई परियोजनाओं के लिए 141.76 और राष्ट्रीय हाइड्रोलाजी प्रोजेक्ट के लिए 2.21 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भेंट की और राशि स्वीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व शेखावत का आभार व्यक्त किया। अनुराग ने इसे हिमाचल के किसानों के लिए इसे वरदान बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा हिमाचल को अपना दूसरा घर माना है और देवभूमि के हितों की चिंता की है। साथ ही हिमाचल के लिए उन्होंने कभी कोई कमी नहीं रखी है। यही कारण है कि देवभूमि के लोगों के मन में मोदी विराजमान हैं। अनुराग ने कहा कि मांगों को बिना विलंब पूरा करने के लिए वह प्रधानमंत्री के आभारी है। उन्होंने कहा कि स्वां नदी के तटीकरण से बड़ा खतरा टला है। सिंचाई परियोजनाओं व बाढ़ प्रबंधन में भाजपा सरकार का काम बोलता है। शेखावत ने कहा की हिमाचल प्रदेश की आवश्यकताओं को देखते हुए 14 लघु सिंचाई परियोजनाओं और राष्ट्रीय हाइड्रोलाजी प्रोजेक्ट के लिए राशि स्वीकृत की गई है। प्रदेश के किसानों की आशाओं व आकांक्षाओं की अनवरत पूर्ति करने के लिए कृतसंकल्प है।


































