
कोरबा। कोयला कर्मियों के प्रमोशन कैडर स्कीम, अनुकंपा नियुक्ति, मेडिकल समेत अन्य लंबित मुद्दों को निराकरण करने कोल इंडिया ने 11 वें जेबीसीसीआइ की मानकीकरण समिति (स्टैंडराइजेशन कमेटी) गठित की है। इसमें इंटक को छोड़ कर प्रबंधन के साथ शेष चार श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों को शामिल किा गया है।
11 वेतनमान पर जेबीसीसीआई की बैठक में निर्णय लिया जा चुका है, पर अन्य मुद्दों पर अभी मंथन नहीं हो सका है। इन मुद्दों को निराकरण करने के प्रबंधन ने पृथक से मानकीकरण कमेटी का गठन किया है। शु्क्रवार को कोल इंडिया के महाप्रबंधक (एमपी एंड आइआर) गौतम बनर्जी ने इसका जारी कर दिया। इस कमेटी के चेयरमैन कोल इंडिया के निदेशक कार्मिक (डीपी) विनय रंजन हैं। सदस्यों में एमसीएल के डीपी केशव राव, सीसीएल के डीपी हर्ष नाथ मिश्र, सीएमपीडीआइ के निदेशक तकनीक (डीटी) शंकर नागाचारी, एनसीएल के डीपी मनीष कुमार, ईसीएल की डीपी ए स्वाईंन, बीसीसीएल के डीपी मुरलीकृष्णन रमैया, एसईसीएल के डीपी देबाशीष आचार्य, डब्ल्यूसीएल के डीपी जय प्रकाश द्विवेदी, एससीसीएल के निदेशक एन बलराम हैं।
संयोजक गौतम बनर्जी को बनाया गया है। यूनियन की ओर से बीएमएस से सुधीर एच घुरडे और मजरूल हक अंसारी, एचएमएस से नाथूलाल पांडेय और शिवकांत पांडेय, एटक की ओर से रमेंद्र कुमार और सीटू की ओर से डीडी रामानंदन हैं। कमेटी में इंटक के प्रतिनिधि का नाम नहीं है। इससे पहले भी बोनस को लेकर हुई बैठक में इंटक के प्रतिनिधियों को नहीं बुलाया गया था। मानकीकरण समिति में 11 वें वेतन समझौते में शामिल अन्य बचे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें प्रमुख रूप से कर्मचारियों के प्रमोशन, एलटीसी, एलएलटीसी, लीव इंकेशमेंट, अनुकंपा नियुक्ति, मेडिकल अनफिट समेत अन्य पालिसी मेटर पर मंथन किया जाएगा और सहमति से निर्णय लेकर उसे लागू किया जाएगा।
इसके अलावा कामगारों से संबंधित किसी अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श कर फैसला लिया जा सकता है। बैठक की तिथि अभी तय नहीं हो सकी, पर बताया जा रहा है कि जल्द ही प्रबंधन कमेटी की बैठक आयोजित करने की सूचना जारी की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि इस माह के अंत तक कमेटी की पहली बैठक आयोजित की जा सकती है। प्रबंधन व श्रमिक संघ प्रतिनिधियों की मंशा है कि जल्द बैठक कर कर्मचारियों की लंबित सभी समस्याओं का जल्द निराकरण कर दिया जाए, ताकि कर्मचारियों को इसका लाभ मिलने लगे।























