गर्मी में बनाई थी रील… सर्दी में कटा चालान अभिनेता राजपाल यादव के सीन की कर रहे थे नकल

शाहजहांपुर , १५ जनवरी । इंटरनेट मीडिया पर अपलोड की गई रील प्रसारित तो खूब हुई मगर, फंसा भी दिया। यातायात नियमों का उल्लंघन कर गर्मी में बनाई गई यह रील शनिवार रात को यातायात पुलिस तक पहुंच गई। जिसके बाद स्कूटी नंबर के आधार पर तीन हजार रुपये का चालान कर दिया गया। रविवार को स्कूटी मालिक के बारे में भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाता रहा। फिल्म भूलभुलैया में छोटा पंडित का किरदार निभाने वाले अभिनेता राजपाल यादव दोपहिया वाहन पर उल्टी दिशा की मुंह करके बैठते हैं और इसी प्रकार दो युवकों ने रील बनाई। वायरल वीडियो में देखा गया कि एक युवक स्कूटी चला रहा, जबकि उसका साथी अर्द्धनग्न होकर पीछे बैठा हुआ है। रील में फिल्मी धुन भी सुनाई दे रही। कार्यवाहक यातायात प्रभारी निरीक्षक बालकृष्ण यादव ने बताया कि स्कूटी नंबर के आधार पर पंजीकरण की जानकारी निकलवाई गई। स्कूटी अवधेश कुमार अग्निहोत्री के नाम से पंजीकृत है। उन्हें तीन हजार रुपये का चालान भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रसारित वीडियो में स्कूटी सवारों एवं राहगीरों के कपड़ों आदि से अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे गर्मियों में बनाया गया।

RO No. 13467/11