नईदिल्ली, २8 अगस्त । चंद्रयान 3 का विक्रम लैंड चांद से हर रोज नए अपडेट भेज रहा है। इसरो की इस सफलता पर हर भारतीय गौरवांवित है। पीएम मोदी ने भी इसकी सफल लैंडिंग के बाद लैंडिंग प्वाइंट को शिव शक्ति प्वाइंट घोषित किया है। अब इसी को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा और संत महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज की अटपटी मांग सामने आई है। स्वामी चक्रपाणि ने चांद पर चंद्रयान 3 की लैंडिंग के बाद एक अजीब मांग की है। उन्होंने कहा कि संसद से चांद को हिंदू सनातन राष्ट्र के रूप में घोषित करना चाहिए और चंद्रयान 3 के उतरने के स्थान जिसे शिव शक्ति व्वाइंट से जाना जाता है, उसे इस राष्ट्र की राजधानी बनाना चाहिए। चक्रपाणि ने कहा कि चंद्रयान 3 के चांद पर पहुंचने के बाद अब भारत का वहां हक है। उन्होंने कहा कि इससे पहले वहां पर कोई जिहादी पहुंचकर जिहाद करे, कट्टरपंथ को फैलाए, आतंक को फैलाए, हमें चांद को एक हिंदू सनातन राष्ट्र घोषित कर देना चाहिए। स्वामी ने कहा कि चांद पर आतंकी न आए और ये शुद्ध बना रहे इसके लिए हमें कदम उठाना ही होगा। उन्होंने कहा कि सनातम धर्म में चांद की बहुत मान्यता है और हमारे शास्त्रों में भी इसके अनेकों प्रकार का उल्लेख है, इसलिए संसद में सरकार को एक प्रस्ताव लाना चाहिए।