चाचा की हत्या के आरोप में दंपत्ति गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़। सरकारी जमीन के बंटवारे से नाराज आरोपी पति-पत्नी ने डंडा और लात-घूसों से अपने चाचा की हत्या कर दी। झगराखंड पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है। झगराखंड थाना के कोड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत नारायणपुर सरईझोथा निवासी 57 वर्षीय अर्जुन पनिका पिता स्व. रामलाल ने 27 मार्च को पुलिस चौकी कोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 7 बजे राम मनोहर का मूकबधिर बेटा घर आकर इशारा कर बताया कि उसके पिता बाड़ी में पड़े हैं। मौके पर सुखदेव पनिका, कृष्णा सिंह, बलदेव पनिका चौकीदार सत्यनारायण के साथ जाकर देखे तो 60 वर्षीय राममनोहर पिता स्व. हीरालाल पनिका मृत हालत में जमीन पर पड़ा था। उसके पेट, सीना व गाल में खरोंच के निशान थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच-पंचनामा में लिया। पुलिस ने शव का पीएम कराया, जिस पर डॉक्टर ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक की मौत हत्यात्मक प्रकृति का होना लिखा। इस पर झगराखंड थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज कर विवेचना में लिया। विवेचना में झगराखंड थानांतर्गत नारायणपुर सरईझोथा निवासी आरोपी 33 वर्षीय राजकुमार पिता प्रेमलाल पनिका व उसकी पत्नी 31 वर्षीया बॉबी के खिलाफ अपराध घटित करना सिद्ध पाया गया। आरोपी पति-पत्नी ने पुलिस को बताया कि जंगल के सरकारी जमीन के बंटवारा से वे अपने चाचा मृतक राम मनोहर से नाराज थे। बार-बार विवाद करते रहने के कारण राजकुमार ने अपनी पत्नी बॉबी के साथ मिलकर हत्या की थी।

RO No. 13467/10