
नईदिल्ली, २८ जनवरी । विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए के समक्ष शनिवार को उस वक्त संकट पैदा हो गया जब जनता दल (यूनाइटेड) ने कहा कि गठबंधन टूट रहा है। खासकर इन संकेतों के बीच कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिर से एनडीए में शामिल हो जाएंगे। इसके बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा अपना काम कर रही है और गठबंधन में मिनी विस्फोट पैदा करने की कोशिश में जुटी है। कांग्रेस ने यह भी विश्वास जताया कि आईएनडीआईए के गठन में अहम भूमिका निभाने वाले नीतीश कुमार और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी दोनों गठबंधन का हिस्सा बने रहेंगे। साथ ही कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दोनों नेताओं से संपर्क करने के प्रयास में जुटे हैं। आईएनडीआईए नहीं बिखरेगा तथा वह इसे मजबूत बनाने के लिए हर कदम उठाने को तैयार है।वैसे इससे पहले बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी टीएमसी राज्य में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। अब अगर नीतीश एनडीए में लौटने का फैसला करते हैं तो यह भाजपा से टक्कर लेने के लिए गठित विपक्षी मोर्चे के लिए एक और बड़ा झटका होगा।जदयू के राजनीतिक सलाहकार और प्रवक्ता केसी त्यागी ने शनिवार को स्पष्ट कर दिया कि बिहार में महागठबंधन सरकार गिरने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि नीतीश को कभी भी गठबंधन में पद की लालसा नहीं रही लेकिन कांग्रेस नेतृत्व के एक धड़े ने बार-बार उनका अपमान किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि आईएनडीआईए टूटने के कगार पर है। पंजाब, बंगाल और बिहार में गठबंधन लगभग खत्म हो गया है। त्यागी ने कहा कि जिस लक्ष्य और इरादे के साथ जदयू अध्यक्ष नीतीश गैर-कांग्रेसी दलों को कांग्रेस के साथ लाने में सफल हुए थे, वे विफल हो गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके नेता को गलत समझा गया। उन्होंने कहा कि वह समझ नहीं पा रहे हैं कि आईएनडीआईए की पार्टियां शक्तिशाली भाजपा से कैसे लड़ सकती हैं। उधर, कांग्रेस ने बिहार के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम पर कहा कि आईएनडीआईए नहीं बिखरेगा तथा वह इसे मजबूत बनाने के लिए हर कदम उठाने को तैयार है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि नीतीश कुमार की आईएनडीआईए गठबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका और योगदान है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनसे बातचीत करने के प्रयास किए, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। सीट बंटवारे पर विलंब से जुड़े सवाल पर रमेश ने कहा कि यह कहना गलत है कि कांग्रेस की वजह से सीट बंटवारा नहीं हो सका। ऐसा नहीं है कि हमारी वजह से देरी हो रही है। राज्यों में हमारी मजबूत इकाइयां हैं और हमें लगता है कि कुछ दिनों के भीतर हम सहमति बना लेंगे। इस दौरान रमेश ने कहा कि ममता बनर्जी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होना चाहिए।इस बीच बिहार में बदलते सियासी घटनाक्रम के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।बाद में चिराग ने बताया कि उन्होंने अपने मुद्दों और चिंताओं को भाजपा नेतृत्व के सामने रखा। कई बातों पर भाजपा ने उन्हें आश्वासन दिया है। जब चिराग से पूछा गया कि क्या वे नीतीश का एनडीए में स्वागत करेंगे, तो उन्होंने कहा कि पहले चीजें साफ तो हो जाएं, अगर-मगर पर जवाब देने का कोई औचित्य नहीं है।




















