
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा बीहड़ में नक्सली के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च आपरेशन के दौरान छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिबा के समीप जंगल मे सुबह नक्सलियों के द्वारा जवानों को नुकसान पहुंचाने को लेकर पूर्व के दिनों में लगाए गए आईडी ब्लास्ट हो गया। इस ब्लास्ट में सीआरपीएफ के 3 जवानों के घायल होने की भी सूचना है। घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजने के लिए हेलीकॉप्टर भी मंगवाया गया है। विस्फोट में कंपनी कमांडर जी जे साई, आपरेटर व एक जवान जख्मी हुआ है । ये सीआरपीएफ 197 बटालियन की डी कंपनी के जवान हैं ।हालांकि, इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नही हो सकी है। लेकिन कोल्हान और सारंडा क्षेत्र से नक्सलियों की पूरी तरह सफाया को लेकर सीआरपीएफ, जिला पुलिस, कोबरा बटालियन लगातार अभियान चला कर नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है।साथ ही नक्सलियों के द्वारा लगाए गए आईईडी बम और नक्सली डंप को ध्वस्त किया जा रहा है। इससे बौखलाए नक्सली सर्च आपरेशन में लगे सुरक्षा बल के जवानों को लगातार टारगेट किए हुए हैं। वहीं एक अन्य घटना में बीते मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला के टोंटो थाना अंतर्गत हुसिपि गांव के पहाड़ी क्षेत्र से सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाया गया विस्फोटक समेत नक्सलियों के डम्प से हथियार, गोली, नक्सली बैनर समेत अन्य समाग्री बरामद करने में चाईबासा पुलिस व सीआरपीएफ 60 बटालियन को कामयाबी मिली है।इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा, कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है।
जिसके आलोक में चाईबासा पुलिस, कोबरा, झारखण्ड जगुआर एवं सीआरपीएफ के विभिन्न बटालियनों की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।वर्ष 2022 से लगातार संयुक्त अभियान गोईलकेरा थानान्तर्गत ग्राम कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु, बोरोय, लेमसाडीह के सीमावर्ती क्षेत्र तथा टोन्टो थानान्तर्गत ग्राम हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, पाटातोरब, गोबुरू, लुईया के सीमावर्ती क्षेत्र में संचालित किया जा रहा है।





















