रांची। भाजपा नेता और पूर्व प्रवक्ता कुणाल षाडंगी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को प्रेषित पत्र में उन्होंने लिखा है कि पूर्वी सिंहभूम जिले की समस्या को वो लगातार उठाते रहे हैं। पार्टी का प्रदेश नेतृत्व इस मामले में उदासीन है। उन्होंने संगठन के आंतरिक अनुशासन के साथ युवाओं के मुद्दे पर भी पार्टी के मौन रहने को इस्तीफे की वजह बताया है। पत्र में कुणाल षाडंगी ने लिखा है कि पिछले दिनों पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता पद उन्होंने छोड़ा था। इसके बाद भी पार्टी ने उनके उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान नहीं लिया। अब उन्हें लगता है कि भाजपा में रहकर पूर्वी सिंहभूम जिले की समस्याओं का हल वो नहीं निकाल सकते हैं। भाजपा की कार्यशैली से असहमति जताते हुए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से अपना इस्तीफा स्वीकार करने को कहा है। बीते महीने षाडंगी ने पार्टी में अपने पद से भी इस्तीफा दे दिया था। कुणाल षाडंगी जमशेदपुर संसदीय सीट से भाजपा के दावेदारों में सम्मिलत थे और वे बहरागोड़ा से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक भी रहे हैं। साल 2019 में उन्होंने भाजपा ज्वॉइन की थी और उसी साल हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा की टिकट पर बहरागोड़ा से हार का सामना करना पड़ा था।