टिकट वितरण के बाद सामने आ रही कांग्रेस नेताओं की नाराजगी, महामंत्री सविता दीवान ने पार्टी से दिया इस्तीफा

नर्मदापुरम, २६ अक्टूबर । विधानसभा चुनावों को लेकर राजनैतिक दलों ने प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। टिकट वितरण को लेकर विरोध भी सामने आ रहा है। नर्मदापुरम जिले के साहोपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल को टिकट दिया है। पटेल को टिकट देने का पूर्व विधायक और मप्र कांग्रेस की महामंत्री सविता दीवान शर्मा ने विरोध जताते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है।दीवान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को इस्तीफा भेज दिया हैं। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी लोगों को सूचना दी गई है। दीवान के इस्तीफा दिये जाने से राजनैतिक सरगमी भी बढ़ गई है। पुष्पराज पटेल व सविता दीवान शर्मा के बीच पिछले कई सालों से मनमुटाव चला आ रहा था। दीवान ने जो इस्तीफा दिया हैं उसमें लिखा है कि मैं जिले की आखिरी कांग्रेस विधायक हूं। अपने राजनैतिक जीवान में तीस वर्षों में से पिछले बीस वर्षों में प्रदेश के कई हिस्सों में संगठन का काम बेहद ईमानदारी से किया। अनेक उपचुनावों की प्रभारी तथा जिलों की प्रभारी रही हूं। मैने महसूस किया है कि बीस वर्षों से सत्ता में न रहने के बाद भी प्रदेश का कार्यकर्ता जी जान से पार्टी के साथ प्रतिबद्ध रहा है और इस उम्मीद से रहा कि इस बार शायद पार्टी सरकार में आ जाए।जिले में वर्तमान विधानसभा टिकिट वितरण को देखते हुए ऐसा लगता है कि निष्ठावान कार्यकर्ता की आवश्यकता अब पार्टी में नही है। अपने इस्तीफे में दीवान ने कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पराज पटेल के लेकर लिखा है कि मेरे पिता स्व विनय कुमार दीवान जी पर अनर्गल आरोप लगाने वाले व्यक्ति पुष्पराज पटेल को कांग्रेस का टिकिट दिया जो असहनीय है। अत मैं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देती हूं। सविता दीवान के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पराज पटेल ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

RO No. 13467/11