नई दिल्ली। टॉयलेट में अधिक समय तक बैठने वाले कर्मचारियों से एक चीनी कंपनी परेशान हो उठी। इसके बाद कंपनी ने ऐसा कदम उठाया जिसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है। कंपनी ने टॉयलेट में अधिक समय बिताने वाले कर्मचारियों की गुप्त तरीके से फोटो की। इसके बाद इन फोटो को टॉयलेट की दीवारों पर चिपका दिया। कंपनी ने इसे कर्मचारियों को दंडित करने का अपना तरीका बताया। मगर दुनियाभर में उसके इस अपमानजनक कदम की निंदा हो रही है। अपने ही कर्मचारियों को शर्मसार करने वाली चीन की इस कंपनी का नाम लिक्सुन डायनशेंग है। यह कंपनी शेन्जेन में स्थित है। लोगों का सवाल है कि एक कंपनी इस तरह कैसे अपने कर्मचारियों की निजता का उल्लंघन कर सकती है। मगर कंपनी को अपने कारनामे पर कोई पछतावा नहीं है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक कंपनी ने अपने कर्मचारियों पर शौचालय में गेम खेलने और सिगरेट पीने का आरोप लगाया। अगर कोई कर्मचारी अधिक समय तक टॉयलेट में बैठा है तो कंपनी के कर्मचारी दरवाजा पीटते थे। जब कुछ कर्मचारियों ने इसे अनदेखा किया तो कंपनी ने गोपनीय तरीके से फोटो लेने का प्लान बनाया। लिक्सुन डायनशेंग के कर्मचारी सीढ़ियों पर अपने मोबाइल फोन के माध्यम से शौचालय का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों की आपत्तिजनक फोटो खींची।
कंपनी बोली- अंकुश लगाना जरूरी
कंपनी ने बाद में कर्मचारियों की इन तस्वीरों को सार्वजनिक चेतावनी के तौर पर शौचालय की दीवारों पर चिपका दिया। कंपनी ने अपने इस कदम को उचित ठहराया। उसने कहा कि शौचालय में गेमिंग और धूम्रपान पर अंकुश लगाना जरूरी है। मगर सोशल मीडिया पर लोग कंपनी की इस हरकत पर भड़क उठे।