
ठाणे । महाराष्ट्र में एक शिवसेना के पदाधिकारी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस मामले में 20 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा कि घटना रविवार की है। अंबरनाथ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि ठाणे जिले में लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर एक स्थानीय शिवसेना पदाधिकारी की पिटाई कर दी। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अंबरनाथ के नवरे पार्क में शाखा के शिवसेना (एकनाथ शिंदे समूह) के प्रमुख अजीत सुरेंद्रन नायर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि क्षेत्र में एक हाउसिंग सोसायटी में चुनाव हो रहा था। उसी समय, कुछ लोग वहां पहुंचे और सोसायटी के सदस्यों के लिए रखी कुर्सियों को खींचने की कोशिश करने लगे। उन्होंने कहा कि जब मैंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पिटाई कर दी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।















