
जांजगीर – चांपा। ग्राम सिवनी में पांच माह पूर्व युवक का शव घर में संदिग्ध हालत में मिला था। शराब पीकर आकर सदस्यों से विवाद करने पर बड़े भाई ने ही डंडा मारकर हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित भाई फरार हो गया था। पुलिस उसकी पतासाजी कर रही थी। पांच माह बाद पुलिस ने आरोपित भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार सिवनी निवासी सुशीला बाईपति खीखराम बरेठ के तीन बेटे शिव, सुरेश और संतोष बरेठ थे। शिव और सुरेश जम्मू- कश्मीर में रहकर मजदूरी करतेथे। छोटा बेटा संतोष यहीं घर पर रहता था। इस बीच मंझला बेटा सुरेश भी घर आया हुआ था। संतोष को शराब पीने की लत थी और वो अक्सर नशे में ही घर आता था। इसे लेकर रोजाना दोनों भाइयों के बीच लड़ाई होती थी।
सोमवार 3 मार्च की शाम करीब 4 बजे संतोष नशे में धुत घर पहुंचा। इससे नाराज सुरेश ने उसे टोका, तो विवाद बढऩे लगा। मां ने बीच – बचाव की कोशिश की, लेकिन दोनों शांत नहीं हुए। इसके बाद वो घर से निकल गई और चौक के पास आकर बैठी रही। रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह घर लौटी तो देखा कि छोटा बेटा कमरे में जमीन पर पड़ा हुआ था। कई बार आवाज लगाने पर भी वह कोई जवाब नहीं दिया। सुशीला बाई ने घर के आसपास के लोगों को बुलाया। जांच करने पर पता चला कि युवक की मौत हो चुकी थी।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल लाया गया। मंगलवार 4 मार्च को पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को शव सौंपा गया। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने भादवि की धारा 302 के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया।