डॉ. मूर्ति की सलाह : तनावमुक्त वातावरण में काम करना जरूरी

अंबिकापुर। मेडिकल कालेज अंबिकापुर के डीन डा रमनेश मूर्ति ने चिकित्सकों से तनाव मुक्त होकर खुशनुमा माहौल में कार्य करने प्रेरित किया है। उन्होंने चिकित्सकों से लंबी ड्यूटी के दौरान सरल, सहज रहकर मरीजों से करुणापूर्वक व्यवहार करने इलाज की बारीकियां को अपने वरिष्ठ शिक्षकों से सीखने के लिए भी आह्वान किया है। डीन डा रमनेश मूर्ति मंगलवार को राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव मेडिकल कालेज अंबिकापुर में वर्ष 2023-24 में एमडी,एमएस में प्रवेशित छात्रों के स्वागत एवं संवेदीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के गाइडलाइन के अनुरूप शिक्षा सत्र 2023-24 में नव प्रवेशित एमडी,एमएस छात्र-छात्राओं का स्वागत कार्यक्रम तथा पूर्व प्रवेशित 2022-23 बैच के साथ मिलन कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित किया गया। सर्वप्रथम डीन डा रमनेश मूर्ति ने नव प्रवेशी छात्रों को नीट पीजी में सफलता तथा राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का अपने प्रशिक्षण हेतु चयन एवं प्रवेश लेने पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने मेडिकल कालेज में उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डीन डा मूर्ति ने शैक्षणिक, अध्ययन, प्रशिक्षण की उच्च व्यवस्था होने समस्त अनुभवी एवं कर्मठ शिक्षकों द्वारा समर्पण भाव से प्रशिक्षण दिए जाने का उल्लेख अपने उद्बोधन में किया। प्रशिक्षण के दौरान जर्नल क्लब, सतत चिकित्सा ,उपचार, सेमिनार, सिम्पोनियम, कॉन्फ्रेंस में दो शोध पत्र प्रस्तुत किए जाने, शोध पत्र का प्रकाशन बायोमेडिकल रिसर्च, ट्रेंनिंग, थीसिस का आवंटन समय-समय पर मूल्यांकन इत्यादि शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा सत्र 2022-23 बैच के पीजी छात्रों को परस्पर सहयोग, विनम्रता से आपसी व्यवहार करने की सीख भी दी। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस की पढ़ाई के बाद आप सभी ने पीजी की पढ़ाई के लिए यहां प्रवेश लिया है इसलिए जो भी यहां पीजी की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्हें आपसी सहयोग और प्रेम की भावना के साथ एक दूसरे के साथ मिलकर कार्य करना है। एनाटॉमी विभाग की अध्यक्ष डॉ रंजना आर्य ने गाइडलाइन अनुरूप कार्यक्षेत्र में महिलाओं के सम्मान तथा लैंगिक दुर्व्यवहार से बचने की हिदायत दी। विभाग अध्यक्ष बायोकेमेस्ट्री डा राजेश श्रीवास्तव ने रैगिंग की किसी भी घटना व व्यवहार से बचने तथा उसके दुष्परिणामों से आगाह किया। बाद में दोनों बैच के मिलन कार्यक्रम में प्रत्येक छात्र ने अपना नाम, शहर ,एमबीबीएस कॉलेज, अपनी रुचि इत्यादि से एक दूसरे को अवगत कराया। इस तरह यह परिचयात्मक कार्यक्रम का सभी ने आनंद लिया। आयोजन में मेडिकल कालेज अस्पताल के अधीक्षक डा आरसी आर्य, निश्चेतना विभाग अध्यक्ष डा मधुमिता मूर्ति, विभाग अध्यक्ष मेडिसिन डा लाखन सिंह, डा अविनाशी कुजूर सहित सभी विभागों के चिकित्सक उपस्थित रहे।

RO No. 13467/11