
कटिहार, २1 अप्रैल । चिलचिलाती धूप के बीच नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बरारी के जागेश्वर उच्च विद्यालय के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से महागठबंधन के प्रत्याशी तारिक अनवर को वोट देने की अपील की। तेज धूप के बीच अपने पिता लालू यादव के अंदाज में बीच बीच में मजाकिया लहजे में भी भाषण देकर उमस भरी गर्मी में सुनने आए लोगों को कुछ देर तक के लिए बांधे रखा। उन्होंने कलम व तलवार पर अपने संबोधन मे कहा नौकरी मिलने से फट से शादी हो जाता है और फसाद करने वाले को जेल की हवा खानी पड़ती है।साथ ही थाने व वकील को भी चढ़ावा देना पड़ता है। जिससे कोई लड़की ऐसे लड़के से शादी करना पसंद नही करती है। वहीं, उनके चाचा नहीं पलटते तो दस लाख और नौकरी देते। भाजपा मे शामिल होने पर भ्रष्टाचार वाशिंग मशीन में धूल जाता है, कहते ही लोगों ने जमकर ठहाके लगाए। वही ईडी से लालू नहीं डरे तो उसका बेटा क्या डरेगा के भाषण के अंदाज पर लोग ठहाके लगाते दिखे।उमस भरी गर्मी के कारण सभा स्थल पर भीड़ कम देखी गई। हेलीकॉप्टर के उतरते ही मैदान में लोगों की भीड़ जुटी। तपती धूप के कारण आधे से अधिक मैदान खाली था। लोग मंच के आगे बने टेंट व पेड़ की छांव के नीचे भाषण सुनते नजर आए। इसके साथ, तेजस्वी ने मंच से फिर नौकरी की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकारी बनती है तो हम 15 अगस्त से एक करोड़ नौजवानो को सरकारी नौकरी देने का काम करेंगे। रक्षा बंधन पर बहनों को एक लाख रुपये का गिफ्ट भी भेंट किया जाएगा।


























