
सूरजपुर। रमकोला थाना अंतर्गत दुलदुली में शुक्रवार को खेत जोताई के दौरान ट्रैक्टर पलट गया। दुर्घटना में युवक की ट्रैक्टर से दबने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूरजपुर जिले के रमकोला थाना अंतर्गत ग्राम दुलदुली निवासी विपिन जायसवाल पिता हंसलाल उम्र 20 वर्ष शुक्रवार को रोपाई का कार्य करने घर से अपना ट्रैक्टर लेकर खेत की जोताई करने गया था। इस दौरान वहांं एक अन्य किसान जगदीश यादव भी अपना ट्रैक्टर लेकर अपने खेत की जोताई करने पहुंचा था। इसी दौरान उसने विपिन (मृतक) से कहा कि अपने खेत को बाद में जोत लेना पहले मेरे ट्रैक्टर से मेरे खेत की जोताई कर दो। विपिन अपने ट्रैक्टर को पास में ही खड़ा कर उसके ट्रैक्टर से उसके खेत की जोताई करने लगा। खेत में पानी के साथ साथ दलदलनुमा कीचड़ भी भरा हुआ था। जोताई के दौरान ट्रैक्टर खेत में फंस गया। निकालने की कोशिश की गई पर नहीं निकला। इसके बाद ट्रैक्टर में लगे नागर को खोलकर वाहन को फिर से निकालने की कोशिश की गई। इसी दौरान ट्रैक्टर उल्टा होकर पलट गया। चालक विपिन जायसवाल ट्रैक्टर व उसकी पीछे रखे हुए लोहे के नागर के बीच फंस कर दब गया। नागर के नुकीले हिस्से से उसके सिर में गंभीर चोट आई जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से स्वजनों व क्षेत्रवासियों के बीच शोक का वातावरण निर्मित हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव भजन सिंह मराबी ने मृतक के घर पहुंचकर स्वजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। रमकोला पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया है।
























