
राजपुर। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने पुलिस ने असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। दो लोगों के विरुद्ध जिला बदर का प्रस्ताव प्रेषित करने के साथ ही छह व्यक्तियों के बिरुद्ध गुण्डा बदमाश, दो को निगरानी बदमाश की सूची में शामिल किया गया है। सात व्यक्तियों विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। छह व्यक्तियों के विरूद्ध आबकारी एक्ट की कार्रवाई करने के साथ सडक़ सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। ग्राम खुखरी के कोन्दा उर्फ सुन्दर यादव ,स्टेट बैंक के पास रहने वाले राजपुर निवासी राहुल सिंह उर्फ सोनू के विरुद्ध जिला बदर की अनुशंसा कर प्रतिवेदन भेजा गया है। गुण्डा बदमाश की सूची में रामरज्जू यादव गोपालपुर ,बबलू यादव गोपालपुर, उमेश यादव गोपालपुर, रामकुमार यादव अलखडीहा, बालेश्वर यादव अलखडीहा, संजय जायसवाल बदौली को शामिल किया गया है। निगरानी बदमाश की सूची में रणजीत पाण्डेय उर्फ ललन उर्फ पाटिल निवासी बाजार पारा राजपुर, नीरज सिंह परसागुड़ी को शामिल किया गया है। थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले 44 व्यक्तियों के विरुद्ध 29 प्रकरणों में तहसील कार्यालय राजपुर में भेजकर बाउण्ड ओव्हर की कार्रवाई की गई है। आबकारी एक्ट के छह प्रकरण में 14 लीटर शराब जप्त किया गया है। एक सप्ताह में वाहनों की चेकिंग कर कुल 82 वाहनों पर कार्रवाई कर 24 हजार 600 रुपये का समन्स शुल्क वसूल किया गया है।
























