
धमतरी। महिला-पुरूष पुलिस जवानों से भरी तेज रफ्तार बस ओवरटेक करते हुए ट्रक से जा टकराई। हादसा से जवानों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में सवार 15 पुलिस जवान घायल हुए है, जिन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। चार जवानों को सबसे ज्यादा चोटें आई है। सभी जवान बस में सवार होकर माना कैंप से ट्रेनिंग के बाद सुकमा के लिए रवाना हुए थे। अर्जुनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुकमा जिला पुलिस बल के महिला-पुरूष जवान रिफ्रेशर कोर्स के लिए पुलिस कैंप माना गए हुए थे। 16 अक्टूबर को 15 दिनों के कोर्स करने के बाद दोपहर सभी 20 जवान बस में सवार होकर सुकमा के लिए रवाना हुए थे, तभी धमतरी जिला के ग्राम संबलपुर के पास हाईवे में बस चालक ओवरटेक करते हुए ट्रक को पीछे से जबरदस्त ठोकर मार दिया। हादसा से बस में सवार पुलिस जवानों में चीख-पुकार मचने के बाद हड़कंप मच गया। बस में सवार कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।