मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर धारावी पुनर्विकास परियोजना पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। शिंदे ने कहा कि राहुल नहीं चाहते हैं कि धारावी में करीब दो लाख लोगों को घर मिले। शिंदे ने आगे कहा कि राहुल गांधी मुंबई में एक बहुत बड़ी ‘तिजोरी’ लेकर आए थे। हमें लगा कि वे महाराष्ट्र को कुछ देने के लिए इसे लेकर आए हैं, लेकिन वो तो महाराष्ट्र की ‘तिजोरी’ लूटने आए हैं। सीएम ने कहा कि राहुल ने धारावी के बारे में गलत जानकारी दी है। धारावी में 2 लाख लोगों को घर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस महीने की शुरुआत में संवाददाताओं से कहा, “क्या वे परियोजनाओं पर रोक लगाने और उन्हें बंद करने के अलावा कुछ जानते हैं? हम एमवीए से और क्या उम्मीद कर सकते हैं? धारावी में 1-2 लाख लोग खराब स्थिति में रहते हैं, जबकि ये नेता बड़े घरों में रहते हैं।”