नवनीत राणा पर रैली में हमले के बाद एक्शन में पुलिस, 45 के खिलाफ मामला दर्ज कर 3 को हिरासत में लिया

मुंबई। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक जनसभा में पहुंचीं भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा और उनके समर्थकों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात खल्लार गांव में हुई इस घटना के संबंध में 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने कहा कि राणा अपने समर्थकों के साथ रात करीब 10 बजे एक जनसभा में भाग लेने पहुंची थीं। उसी समय भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग करते अभद्र इशारे किए। इसके बाद उनके समर्थकों की भीड़ में मौजूद आरोपितों के साथ झड़प हुई।
भाजपा नेता और उनके साथियों पर कुर्सियां फेंकी गईं। इस घटना के बाद राणा ने पास के थाने में शिकायत दर्ज कराई। आनंद के अनुसार, शिकायत दर्ज कर ली गई है। पांच लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 40 अज्ञात हैं। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

RO No. 13467/11