निपाह वायरस से लडऩे के लिए एक्शन में केरल सरकार, ओपीडी सेवा लॉन्च

कोझिकोड। केरल में निपाह वायरस के संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार ने अपनी ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन प्रणाली के तहत विशेष बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवा शुरू की है। कोझिकोड की जिला कलेक्टर (डीसी) ए. गीता ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि यह सेवा निपाह संबंधित आशंकाओं को दूर करने में मदद करेगी। जिन लोगों में संक्रमण के लक्षण दिख रहे हैं, वे डॉक्टर के पास जाए बिना ऑनलाइन चिकित्सा सहायता ले सकते हैं। ई-संजीवनी निपाह ओपीडी सेवा सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक उपलब्ध रहेगी। ई-संजीवनी प्लेटफार्म के माध्यम से आप बिना अस्पताल जाए घर बैठे ही इलाज करा सकते हैं। इस बीच केरल सरकार ने रविवार को कहा कि राज्य में लगातार दूसरे दिन निपाह वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया। राज्य में अब तक छह लोग निपाह से संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से दो लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। स्थति नियंत्रण में है।केरल में चौथी बार निपाह वायरस संक्रमण के मामले की पुष्टि हुई है। इससे पहले साल 2018 और 2021 में कोझिकोड में और 2019 में एर्णाकुलम में इसके मामले सामने आए थे।

RO No. 13467/11