निर्माण के कारण समस्याएं

जांजगीर – चांपा। जिला मुख्यालय में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर छह माह पहले मुख्य मार्ग का अतिक्रमण हटाया गया था। इस दौरान पहले से जो नाली बनी थी उसे भी तोड़ दिया गया था। अतिक्रमण हटाने के बाद भी नाली का निर्माण नहीं किया गया जिसके कारण पूरे चार माह तक बरसात के दिनों में व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। वहीं अब त्यौहारी सीजन में होरहे निर्माण कार्य ने परेशानी और बढ़ा दी है। व्यापारियों के साथ ही आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मगर इससे न तो ठेकेदार को कोई सरोकार है और न ही जिला प्रशासन को कोई मतलब है। नेताजी चौक से कचहरी चौक तक सड़क चौड़ीकरण करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एनएच व राजस्व विभाग की टीम के सहयोग से अप्रैल के पहले सप्ताह में अतिक्रमण हटाया गया था। जब अतिक्रमण हटाया गया उससे पहले ही इस सड़क के दोनों ओर नाली और पेवर ब्लाक लगाने की योजना बनाई गई थी। यह काम कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की प्राथमिकता में थी। इसके लिए उन्होंने डीएमएफ से 98 लाख 94 हजार रुपए की मंजूरी भी दी थी लेकिन नगर सरकार उनकी मंशा के अनुसार काम नहीं करा पाई। नगर पालिका ने सीसी रोड तो बनवा दी, परंतु नाली बनाने में उतनी गंभीरता नहीं दिखाई। नगर पालिका के द्वारा नाली निर्माण के लिए दो बार टेंडर निकाला गया मगर एक भी ठेकेदार नहीं मिले। आखिरकार कलेक्टर ने फिर इस कार्य को लोक निर्माण विभाग से कराने के निर्देश दिए। सड़क के दोनों ओर प्री कास्टिंग इंटरलाकिंग कार्य यानि पेवर ब्लाक 41 लाख 60 हजार की लागत से लगाया जाना है। इस कार्य का ठेका दीपानी इंटरप्राइजेस को मिला है। लेकिन यह काम भी नहीं हो सका, क्योंकि इसे नाली बनने के बाद ही लगाना है। बरसात के कारण चार माह तक नाली का निर्माण नहीं सका। इसके चलते व्यापारियों और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा । नाली नहीं बनने के कारण मुख्य मार्ग में दो फीट तक पानी जमा हो गया था। आखिरकार छह माह बाद अब जाकर नाली निर्माण का काम शुरू हुआ है। मगर त्यौहारी सीजन में हो रहे निर्माण कार्य ने व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है। एक तरफ जहां व्यापारियों की ग्राहकी मार खा रही है वहीं दूसरी तरफ आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्र और दशहरा के समय व्यापारियों को ग्राहकी की उम्मीद रहती है मगर नाली निर्माण के चलते उनके व्यापार पर असर पड़ रहा है मगर इससे न ठेकेदार को कोई मतलब है और न ही जिला प्रशासन को कोई सरोकार है। नेताजी चौक से कचहरी चौक तक एक तरफ नाली का निर्माण तिवारी बालोद्यान के पास से शुरू किया गया है। नाली निर्माण के लिए दिन में ही जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर दुकानों के सामने गड्ढा किया जा रहा है। इसके चलते खरीददारी के लिए आनेवाले ग्राहक अपनी बाइक को सड़क पर खड़ी कर रहे हैं तो यातायात पुलिस नो पार्किंग के नाम पर कार्रवाई कर रही है। जबकि त्यौहारी सीजन होने के बाद नगर पालिका और यातायात पुलिस के द्वारा पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। नाली निर्माण के लिए दिन में ही जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर ठेकेदार के द्वारा दुकानों के सामने गड्ढा किया जा रहा है। मुख्य मार्ग होने के चलते दिन भर यात्री बसों के अलावा चार पहिया और दो पहिया वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। इधर निर्माण कार्य में लगे जेसीबी और ट्रैक्टर के चलते आवागमन बाधित हो रहा है। इसके चलते दिन में कई बार जाम की स्थिति निर्मित हो जा रही है। कुल मिलाकर त्यौहारी सीजन में हो निर्माण ने परेशानी बढ़ा दी है।

RO No. 13467/11