निलंबित नोडल अधिकारी बहाली के लिए लगा रहे जुगत

जांजगीर चांपा । शासन के द्वारा होल्ड किए गए किसानों के खातों में बोनस राशि का अवैध भुगतान को लेकर जिला सहकारी बैंक जांजगीर चांपा के तत्कालीन निलंबित नोडल अधिकारी अश्वनी पांडेय सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों की फाइल उप समिति में बहाली के लिए रखी गई है। वहीं दूसरी तरफ कलेक्टर के निर्देश पर इन अधिकारियों के द्वारा होल्ड हटाकर की गई गड़बड़ी की राशि किसानों से वसूली के लिए आदेश जारी किया गया है। वर्ष 2021-22 में नवागढ़ तहसील अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र तुलसी और किरीत में शासकीय जमीन का पंजीयन कर फर्जी तरीके से करोड़ों की धान खरीदी हुई थी। मामला उजागर होने के बाद कलेक्टर ने जांच समिति बनाई थी। जांच में करीब ढाई करोड़ रुपये की अवैध धान खरीदी होना पाया गया था। मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुआ था। इसके बाद दोनों केंद्रों में हुए धान खरीदी का पूरा रिकार्ड खंगाला गया और 145 किसानों की खरीदी-बिक्री संदिग्ध मिली थी। इस पर शासन के द्वारा सभी किसानों के खातों को होल्ड कर दिया था और आरहण-भुगतान पर रोक लगा दी गई थी। लेकिन इसके बाद भी होल्ड खातों में जमा राशि का भुगतान कर दिया गया और आहरण भी हो गया। मामले की शिकायत कलेक्टर से हुई। जिस पर जिला स्तरीय जांच टीम बनाकर पूरे मामले की जांच कराई गई जिसमें शिकायत सही पाई गई। होल्ड हुए खातों में 77 लाख 15 हजार 336 में से 61 लाख 62 हजार 88 रुपए अवैध भुगतान पाया गया। कलेक्टर ने जांच प्रतिवेदन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित को भेजा था और कार्रवाई की अनुशंसा की थी। जिस पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने 21 दिसंबर 2023 को दायित्व एवं कर्तव्य में लापरवाही बरतने के चलते जांजगीर-चांपा के नोडल अधिकारी अश्वनी पांडेय (सहायक लेखापाल) को छंग सेवा सहकारी बैंक कर्मचारी सेवा नियम 1982 के नियम 60 (3) के तहत निलंबित करने का आदेश जारी किया था। ठीक दो माह बाद निलंबित तत्कालीन नोडल अधिकारी अश्वनी पांडेय सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों की बहाली को लेकर जिला सहकारी बैंक के उप समिति में बहाली के लिए फाइल रखी गई। हालांकि अभी बहाली नहीं हो पाई है। लेकिन यदि अनियमितता बरतने वाले अधिकारी की बहाली हो जाती है तो इसे लेकर किसान आक्रोशित हो सकते हैं। क्योंकि एक तरफ किसानों से वसूली के लिए आरआरसी जारी की गई है वहीं दूसरी तरफ होल्ड ग हटा कर भुगतान करने वाले अधिकारी कि को पुरस्कृत करने का प्रयास किया जा रहा है।

RO No. 13467/11