
कोरबा। जिले के कटघोरा थानांतर्गत ग्राम बिंझरा में एक युवक ने कल देर शाम पत्नी वियोग में फांसी लगाकर अपनी ईहलीला समाप्त कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिंझरा थाना कटघोरा निवासी शिव कुमार सिंह पोर्ते उम्र 35 पिता पहलवान सिंह पोर्ते की पहली पत्नी दो वर्ष पूर्व उसे छोडक़र चली गई थी। जिसके बाद उसने रजनी कुमारी उम्र 32 वर्ष के साथ दूसरी शादी किया था। इधर किसी बात को लेकर घर में विवाद होने पर 20 दिन पूर्व रजनी बाई भी उसका साथ छोडक़र अपने मायके जाकर रहने लगी। कई बार शिव कुमार के द्वारा बुलाए जाने पर उसकी पत्नी उसके साथ आने को तैयार नहीं थी तो वह घर में गुमशुम रहने लगा था। यहां तक कि दो पत्नियों के साथ छोडऩे के बाद वह अपनी जिंदगी से काफी निराश हो गया था। अंतत: उसने कल देर शाम 7.30 बजे के लगभग अपने घर के मकान के म्यार में फंदा बनाकर फांसी लगा लिया।
बताया जाता है कि इस बात की जानकारी उसके 61 वर्षीय पिता पहलवान सिंह आत्मज बंधन सिंह को हुई तो उसने कटघोरा थाना पहुंचकर इस घटना की सूचना दिया। कटघोरा पुलिस ने सूचक द्वारा सूचना दिए जाने पर मर्ग क्रमांक 86/23 जाफ्ता फौजदारी की धारा 174 कायम कर लिया। आज सुबह कटघोरा पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के उपरांत उसे पीएम के लिए सीएचसी कटघोरा के चीरघर भिजवा दिया। मामले में विवेचना जारी है।