
अकलतरा। नगर में लगे वाटर एटीएम शोपीस बनकर रह गए हैं। वाटर एटीएम से पानी नहीं निकल रहा है। उपयोग नहीं होने से नगरवासियों और राहगीरों को इसका लाभ नहीं मिल पा रही है और ना ही नगर पालिका के द्वारा उसके रख रखाव के तरफ ध्यान दे रही है। फिल्टर की क्या स्थिति है, किस व्यक्ति के द्वारा इसका मेंटेनेंस किया जाता है वर्तमान में यह चालू है या नहीं इसकी भी जानकारी नगर पालिका के जिम्मेदारों को नहीं हैं भीषण गर्मी में लोग शुद्ध एवं ठंडा पानी निकालने के लिए वाटर एटीएम देखकर आते हैं पर वहां से उन्हें बिना पानी लिए वापस लौटना पडता है।
शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य सेवाटर एटीएम मशीन स्थापित की गई थी। लेकिन यहीं वाटर एटीएम अब लोगों के लिए परेशानी बन गया है। सिक्का डालने के बाद भी वाटर एटीएम पानी नहीं उगल रहा है। एक वाटर एटीएम लगाने में करीब 16 लाख रुपये खर्च किए गए है। नगरपालिका मशीन लगाने व मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपये फूंक चुका है। मगर वाटर एटीएम शो- पीस साबित हो रहीं हैं। शुरू से ही वाटर एटीएम का उपयोग नहीं हो पाया है और इसके बाद खराबी आनी शुरू हो गई। वाटर एटीएम को सुधरवाने नपा के अफसरों ने भी अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं।
शहर में लगे वाटर एटीएम लंबे समय से बंद पड़ा है। गर्मी के दिनों में राह चलते लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल के लिए भटकना पड़ता है। नगरपालिका द्वारा एक रुपये में एक लीटर शुद्ध पेयजल देने का जो वादा किया गया था, मगर वाटर एटीएम से पानी नहीं आने के कारण लोग मजबूरन अधिक पैसों में पानी की बाटल खरीदकर पीने को मजबूर हैं। सरकार की महिती योजना का सदुपयोग नहीं हो पाने के कारण नगर वासी सुविधा से लाभान्वित नहीं हो पा रहे हैं। नगर पालिका के जिम्मेदारों को पहल करते हुए इसे प्रारंभ किया जाना चाहिए ताकि इसका लाभ नगरवासियों को मिल सके।
























