कीव>रूस के साथ लगभग ढाई साल से युद्ध लड़ रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बुधवार को अपनी बहुप्रतीक्षित ”विजय योजना” की घोषणा की। संसद में विजय योजना की घोषणा करते हुए कहा कि हमारे प्रमुख सहयोगी देश अमेरिका में पांच नवंबर को होने जा रहे चुनाव के कारण हमें एकजुट रहना होगा। इस विजय योजना पर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रूस ने कहा कि अब हमारे व नाटो के बीच सीधे टकराव के आसार बन रहे हैं। एक अन्य खबर के अनुसार जेलेंस्की गुरुवार को नाटो रक्षामंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बीच अमेरिका ने यूक्रेन के लिए 42.5 करोड़ डालर की सैन्य सहायता की एक और खेप जारी करने की घोषणा कर दी है। जेलेंस्की ने सांसदों को बताया कि उनकी योजना में पांच मुख्य बिंदु शामिल हैं। इनमें एक बिंदु नाटो में बिना शर्त शामिल होने और विशिष्ट हथियार हासिल करने का है। इसका दारोमदार हमारे सहयोगी देशों पर है।
उन्होंने कहा कि भले ही युद्ध खत्म हो जाए या पुतिन कुछ भी चाहते हों हम अपने सहयोगियों की मदद से हालात बदल कर रहेंगे। हमे ऐसा हर हाल में करना होगा ताकि रूस को शांति के लिए मजबूर किया जा सके। उन्होंने यूक्रेन द्वारा गैर-परमाणु निरोधक क्षमता हासिल करने पर जोर दिया ताकि रूसी सैन्य शक्ति को नष्ट किया जा सके। गोपनीयता के कारण उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा। उनके भाषण के दौरान शीर्ष सैन्य व खुफिया विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।