प्रतापपुर व सोनगरा में बनेगा दो सौ मीट्रिक क्षमता का गोदाम

प्रतापपुर। बुधवार को राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष डा़ प्रेम साय सिंह टेकाम के मुख्य आतिथ्य में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड द्वारा प्रतापपुर की कृषि उपज मंडी समिति में 12.48 लाख व सोनगरा के धान उपार्जन केन्द्र में भी इतनी ही लागत से बनाए जाने वाले दो सौ मीट्रिक टन धान के भंडारण की क्षमता वाले दो गोदामों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष डा़ टेकाम ने कहा कि दोनों ही जगहों पर दो दो सौ मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदामों के बन जाने से निश्चित तौर पर क्षेत्र में धान व अन्य कृषि उत्पादों के भंडारण में वृद्धि होगी तथा कृषि उत्पादों का रखरखाव भी बेहतर ढंग से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इन गोदामों में आसपास की राइस मिलों का चावल रखने में भी मदद मिलेगा साथ ही यहां के मजदूर परिवारों को रोजगार भी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि यह भूपेश सरकार की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि आज प्रदेश का अन्नदाता किसान हर तरह से खुशहाल नजर आ रहा है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज क्षेत्र के कई दूरदराज गांवों में धान उपार्जन केन्द्र खोले गए हैं। आने वाले नए सत्र में किसानों से प्रति एकड़ बीस क्विंटल धान खरीदने के साथ ही समर्थन मूल्य में भी बढ़ोत्तरी करते हुए अठाईस सौ रुपए क्विंटल धान खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के 15 वर्षों के कुशासन में किसान त्रस्त थे। आज प्रदेश की कांग्रेस सरकार में किसान तेजी के साथ आर्थिक उन्नति करते हुए आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केवल किसान ही नहीं बल्कि प्रदेश के सभी वर्गों के हित में अनेक योजनाएं बनाई हैं। कार्यक्रम में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सिंह देव, मंडी समिति अध्यक्ष मदन केसरवानी, उपाध्यक्ष भरत गुप्ता, जेल संदर्शक सतीश चौबे, मनोज सिंह, रामसुंदर राजवाड़े, बालेश्वर, मन्नू, रामचंद्र, जरही के नायब तहसीलदार तेजू राम यादव, किसान व ग्रामीण उपस्थित रहे।

RO No. 13467/9