जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में तीसरे और अंतिम चरण के लिए जांजगीर-चांपा लोकसभा में मंगलवार 7 मई को सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो कि शाम 6 बजे तक चलेगी। कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नेता समेत 18 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इसके नतीजे 4 जून को आएंगे। सुबह 9 बजे तक जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट पर 12.85 प्रतिशत मतदान हुआ है।
जिले के मतदान केन्द्र 145 चांटीपाली में दिव्यांग मतदाता मेघनाथ ओगरे और सीता कुमारी को मतदान रथ से मतदान केन्द्र तक लाया गया। दिव्यांगता के बावजूद उनका बुलंद हौसला उन्हें वोट देने से नहीं रोक सका।
आदर्श मतदान केंद्र अमलीपाली में मतदाताओं को हल्दी का टीका लगाकर सिवागत किया गया। उन्हें लोकतंत्र के इस पर्व में सम्मिलित होने के लिए स्वागत किया गया।
लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत आज जिले में सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में आज मतदान केंद्र क्रमांक 162 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय भवन सक्ती कक्ष क्रमांक 3 में मतदान करने पहुंची।
धारणा अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर हम सभी युवाओं में काफी ज्यादा उत्साह है। प्रशासन ने मतदान केंद्र में अच्छी व्यवस्थाएं भी की है। उन्होंने सभी लोगों से अपने सारे काम छोडक़र सबसे पहले मतदान करने की अपील की है।
विधानसभा वोटिंग प्रतिशत
अकलतरा 17.53 प्रतिशत
कसडोल 14.16प्रतिशत
चंद्रपुर 6.26 प्रतिशत
जांजगीर-चांपा 16.21 प्रतिशत
जैजैपुर 9.32 प्रतिशत
पामगढ़ 14.15 प्रतिशत
बिलाईगढ़ 16 प्रतिशत
सक्ती 7.80 प्रतिशत
जांजगीर-चांपा सीट पर कलेक्टर, एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आदर्श मतदान केंद्र डाइट जांजगीर में कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी विवेक शुक्ला ने मतदान किया। सेल्फी जोन में पहुंचकर कलेक्टर, एसपी ने सेल्फी ली। मनोरंजन के लिए मतदान केंद्र में कैरम बोर्ड भी खेले।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले की जनता से अपील कर अपने अपने घर से निकल कर मतदान करने की अपील की, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनया जा सके। जिले के सभी मतदान केंद्रों में शांति पूर्ण से मतदान किया जा रहा है। मतदान केंद्रों में पुलिस जवान और सुरक्षाबल की तैनाती की गई है।
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने अपने मतदान केन्द्र 79 शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला नैला में अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोट दिया। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस प्रत्याशी शिव कुमार डहरिया जीत रहे हैं। जांजगीर चांपा लोकसभा में जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 10 वर्षो से पीएम नरेंद्र मोदी की कुशासन से जनता त्रस्त है। परिवर्तन की लहर उठ रही है। इस बार इनकी 400 की पर वाली बात हवा उड़ रही है। इस बार कांग्रेस की सरकार बन रही है।
जांजगीर-चांपा लोकसभा में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए 1574 जवानों की तैनाती की गई है। जिसमें केंद्रीय सुरक्षा बल के 585, ओडिशा से 200, रायपुर से 200, जांजगीर चांपा से 491 और जांजगीर चांपा नगर सेना के 98 बल शामिल हैं।
जांजगीर लोकसभा में 8 विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें अकलतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, बिलाईगढ़ और कसडोल शामिल है। जहां मतदान दल सोमवार को ही पहुंच चुके हैं।
जांजगीर लोकसभा में कुल 20 लाख 52 हजार मतदाता हैं। जिसमें से पुरुष मतदाता 10 लाख 29 हजार 756, महिला मतदाता 10 लाख 20 हजार 685 और थर्ड जेंडर 27 शामिल हैं। वहीं, कुल 2219 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 11 आदर्श मतदान केंद्र को अलग-अलग थीम पर सजाया गया है।
गर्मी से बचने के लिए सभी मतदान केंद्रों में पेयजल, छाया के लिए पंडाल, बैठने के लिए कुर्सी, दिव्यांगों के लिए मतदान केंद्र में रैंप और विलचेयर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिले में 75 सेक्टर पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 20 थाना-चौकी पेट्रोलिंग और 6 राजपत्रित अधिकारी की पेट्रोलिंग में ड्यूटी लगाई गई है।