
जांजगीर-चांपा। फर्जी तरीके से मोबाइल नंबर जारी कर धोखाधड़ी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल के तीन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दूसरों के डाक्यूमेंट का इस्तेमाल कर तीनों ने गलत तरीके से 102 सिम कार्ड जारी कर दिए थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा जिले में फर्जी तरीके से मोबाईल नम्बर जारी करने वाले मोबाइल दुकान के संचालकों के विरुद्ध कार्यवाही करने निर्देश जारी किए गए है। निर्देश के परिपालन में थाना जांजगीर पुलिस एवं साईबर सेल द्वारा संयुक्त रूप से मोबाइल दुकान में रेड कार्यवाही की गई। इस दौरान फन मोबाइल नैला जांजगीर में 56 फर्जी सिम, रेखा मोबाइल से 19 फर्जी सिम एवं गनिक्स मोबाईल दुकान से 27 फर्जी सिम बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 102 सिम ग्राहकों के जानकारी के बगैर तैयार करना पाया गया। पुलिस ने मोबाइल दुकान संचालक किशोर राम वानी, अंकिता गुप्ता, निखिल देवांगन को फर्जी सिम जारी करने के अपराध में गिरफ्तार किया। जांच दौरान दुकान संचालकों के द्वारा फर्जी सिम नंबर तैयार करना पाए जाने से आरोपियों के विरुद्ध धारा 318 (4) बीएनएस 66 (सी) आई टी एक्ट के तहत थाना जांजगीर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान उक्त तीनों मोबाईल दुकान संचालकों को घटना के संबंध में पूछताछ करने पर कुल 102 सिम ग्राहकों का पहचान प्रमाण पत्र (आधारकार्ड फोटो) प्राप्त कर उनके जानकारी के बगैर सिम तैयार करना स्वीकार किये। आरोपियों के द्वारा दूरसंचार के नियमों का उलंघन के नियमो का घटित करना पाये जाने से प्रकरण में धारा 42 (3) (ई) दूर संचार अधिनियम 2023 समाहित कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 2 मार्च को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्यवाही निरीक्षक प्रवीण दिवेद्वी, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपिनरीक्षक विवेक सिंह, राम प्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, राजकुमार चन्द्रा, आरक्षक गिरीश कश्यप का योगदान रहा।
























