
बंदिश बैंडिट्स सीजन 2 के प्रमुख किरदारों में से एक अभिनेत्री श्रेया चौधरी ने कहा कि दिग्गज स्टार नसीरुद्दीन शाह की प्रतिक्रिया और उनके प्रदर्शन की प्रशंसा उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।
पंडित जी का किरदार निभाने वाले नसीरुद्दीन शाह के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए श्रेया ने कहा, नसीरुद्दीन सर मेरी प्रेरणा के सबसे बड़े स्रोत हैं। मैंने सीजन एक में उनसे बहुत कुछ सीखा है। मैं भाग्यशाली थी कि मुझे उन्हें देखने और उनके साथ काम करने का मौका मिला। अभिनेत्री ने कहा,सीजन 2 देखने के बाद सर से संदेश मिलना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है। प्रदर्शन के लिए उनकी प्रतिक्रिया और प्रशंसा मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। यह बहुत संतुष्टिदायक और आश्वस्त करने वाला है, और मुझे यह एहसास दिलाता है कि एक कलाकार के तौर पर मैं तैयार हो रही हूं। म्यूजिक सीरीज बंदिश बैंडिट्स में नए कलाकार ऋ त्विक भौमिक ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीतकार राधे राठौड़ की भूमिका निभाई है और श्रेया चौधरी इसमें पॉप गायिका तमन्ना शर्मा की भूमिका निभा रही हैं। इसमें संगीत एक अनुशासन बनाम मुक्ति का साधन होने की बहस की पड़ताल करता है। इस सीरीज में अर्जुन रामपाल, शीबा चड्ढा और अतुल कुलकर्णी जैसे कई अन्य नाम भी शामिल हैं। उन्होंने फिल्म निर्माता इम्तियाज अली को यह विश्वास दिलाने का श्रेय दिया था कि वह एक कलाकार बन सकती हैं। इम्तियाज अली की लघु फिल्म द अदर वे में श्रेया ने कहा, इम्तियाज सर ने मुझे विश्वास दिलाया कि मैं एक कलाकार बन सकती हूंं, और उनके साथ काम करने से मेरा यह सपना और मजबूत हुआ।





















