
कोलकाता, १६ दिसम्बर ।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार के बीच कोलकाता पुलिस ने रविवार को महानगर में बांग्लादेशियों के लिए फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया। इसके साथ ही सरगना समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि सरगना समरेश विश्वास व दीपक मंडल ने अब तक 250 से अधिक फर्जी पासपोर्ट बनाए हैं। एक पासपोर्ट बनाने के लिए दो लाख रुपये तक लेते थे। भवानीपुर थाने में एक शिकायत के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि महानगर में फर्जी पासपोर्ट बनाए जा रहे हैं।कोलकाता पुलिस के एससीओ (सुरक्षा नियंत्रण संगठन) विभाग ने कहा कि यह गिरोह बांग्लादेशी नागरिकों को शुरुआत में फर्जी पहचान पत्र समेत कई दस्तावेज बनाता था। उन सभी दस्तावेज का उपयोग करके फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनाया जाता था। दीपक दक्षिण 24 परगना के कोस्टल थाना इलाके का रहने वाला है। वह डाक विभाग में अस्थायी कर्मचारी।वहीं, समरेश विश्वास उत्तर 24 परगना के बारासात का रहने वाला है। आरोप है कि वह अपने बेटे रिपन बिस्वास के साथ मिलकर फर्जी पहचान पत्र और पासपोर्ट बनाता था। रिपन को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। दोनों को अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने 20 दिसंबर तक उन्हें पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।





























