
मुजफ्फरपुर, 0७ मार्च ।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि बिहार में हवाई यातायात के लिए बेहतर दिन आने वाले हैं। पूर्णिया में अगले तीन माह में यह सेवा शुरू हो जाएगी। वहीं राजगीर, सुल्तानगंज और रक्सौल में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का कार्य होगा। मुजफ्फरपुर समेत कई शहरों से छोटी विमान सेवा भी शुरू होगी। पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश का विकास हो रहा है, क्योंकि लालू-राबड़ी की राजद सरकार को बिहार के विकास से कोई मतलब नहीं था। जब वह केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री थे तब पताही में हवाई सेवा शुरू करने के लिए जमीन मांगी थी, तब राजद की सरकार ने जमीन नहीं दी। अगर जमीन दे दी जाती तो गया के साथ मुजफ्फरपुर में हवाई सेवा शुरू हो जाती। उन्होंने कहा, राजद सरकार में परिवार के लिए जमीन महत्वपूर्ण थी, विकास नहीं। भाजपा के जिला कार्यालय में गुरुवार को प्रेस वार्ता में सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, पिछले कुछ वर्षों में बिहार में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। यहां के लोग उद्योग, स्वरोजगार और कारोबार में तेजी से आगे बढ़े हैं। बिहार के साथ मुजफ्फरपुर में उद्योग-धंधे का विस्तार हुआ है। सडक़ और रेल मार्ग मुजफ्फरपुर में बेहतर है। हवाई सेवा शुरू होने से विकास की गति और तेज होगी। इसलिए मुजफ्फरपुर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बने तो बेहतर होगा।एक सवाल के जवाब में पूर्व मंत्री ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।


















