बिहार जा रहा ट्रेलर पलटा दबने से चालक की मौत

कोरबा। छग के भिलाई से सीमेंट के क्लेटर लोडकर औरंगाबाद ले जा रही ट्रेलर मोरगा हसदेव पुल के पास पलट जाने से उसमें दबकर चालक की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर एक ओर मृतक के शव को पीएम के लिए पोड़ीउपरोड़ा सीएचसी भिजवा दिया। वहीं दूसरी ओर उसके परिजनों को भी पहुंचने की सूचना दूरभाष से दे दी।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक सीजी-12/जे-1493 में बलरामपुर जिले के रामानुंजगंज थानांतर्गत ग्राम चुमरा निवासी चालक आसिफ खान उम्र 28 पिता युनूस खान भिलाई से सीमेंट से बने क्लेटर लोड कर औरंगाबाद के लिए आज तडक़े निकला था। ट्रेलर लेकर चालक बांगो थानांतर्गत हसदेव मोरगा पुल के पास पहुंचा ही था कि अचानक वाहन से वह नियंत्रण खो बैठा। जिसके कारण वाहन पलटकर काफी गहरे खाई में जा गिरी। जिससे कि चालक आसिफ खान उसी में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना की सूचना आने-जाने वाले चालकों ने घटना स्थल से 5 किमी दूर मोरगा चौकी में पहुंचकर प्रभारी बिलायत हुसैन खान को दी। चौकी प्रभारी श्री खान अपने हमराह प्रधान आरक्षक देवेंद्र पैकरा के साथ घटना स्थल पहुंचे। मृतक के शव को क्रेन के माध्यम से वाहन उठवाकर वहां से निकलवाने के बाद उसे पीएम के लिए पोड़ी उपरोड़ा सीएचसी भिजवाने के साथ ही विवेचना शुरू कर दी।

RO No. 13467/11